Indus News TV Live

Thursday, March 12, 2026
spot_img

मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई सम्पन्न

बरेली, 28 मार्च। मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में पुलिस महानिरीक्षक डॉ0 राकेश सिंह की उपस्थिति में आज मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयुक्त कार्यालय स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में मण्डल में हो रही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने हेतु सुरक्षात्मक उपाय अपनाये जाने पर विस्तार से चर्चा की गयी। समीक्षा के दौरान पाया गया कि मण्डल में 128 ब्लैक स्पाट्स हैं, जिनमें 106 सुधारात्मक कार्य हुए हैं। अन्य जनपदों की अपेक्षाकृत बदायूं में दुर्घटनाओं की संख्या अधिक है, जिस पर कार्यदायी संस्थाओं द्वारा अवगत कराया गया कि बदायूं से उसावां रोड पर भी सुरक्षात्मक कदम उठाये गये हैं। बदायूं से बिसौली रोड पर 06 ब्लैक स्पॉट्स हैं, यह सबसे व्यस्त रोड है और दुर्घटनाएं भी अधिक होती हैं।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि नई सड़कों की डीपीआर में सुरक्षा की दृष्टि से मानकों को सम्मिलित किया जाए, जिस पर बताया गया समस्त चिन्हित ब्लैक स्पाट्स पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना एस0पी0 सिटी से मिलकर बनायी जा रही है, जिस पर निर्देश दिए गए कि यदि सीसीटीवी के लिए किसी जनपद से डिमांड की गयी है तो डिमांड लेटर उपलब्ध कराएं ताकि परस्यू कराया जा सके।
मण्डलायुक्त ने कहा कि बरेली जनपद में ब्लैक स्पाट्स को लेकर अच्छा कार्य हुआ है, मण्डल के अन्य जनपद बरेली से सूची मंगाकर इसी के अनुरूप कार्य करायें। सड़क दुर्घटनाओं के कारण मुख्यतः ओवर स्पीड, ड्रंक एण्ड ड्राइव, मोबाइल का प्रयोग, रांग साइड ड्राइविंग है।मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग द्वारा जो रोड बनायी जा रही हैं और उनकी लिंक रोडों के लिए सुरक्षात्मक रुप से जो कार्य किये जाने हैं उससे भी विभाग को अवगत कराते हुए पहले से उपायों को स्टीमेट में शामिल करें। अगले तीन महीनों में ब्लैक स्पाट्स रिमूवल का कार्य कराया जाए। अधिकांश देखा जाता है कि रोड के सापेक्ष किनारे काफी नीचे होते हैं, जिस पर वाहन उतरने से घटनाएं होती हैं।बैठक में निर्देश दिए गए कि 100 फुटा रोड पर भी शोल्टर हैं, जिसे मिट्टी भरकर ऊँची करने की आवश्यकता है। इसी प्रकार बीसलपुर चौराहे से हरूननगला रोड व से कैण्ट स्थित सेंट मारिया रोड पर भी उक्त रोड पर कार्य कराने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में निर्देश दिए गए कि पेट्रोल पम्पों पर तब तक पेट्रोल नहीं दिया जाए जब तक दो पहिया सवार हेलमेट ना लगाये हो। इस नियम को फॉलो कराने हेतु पेट्रोल पम्प वाले सीसीटीवी कैमरा लगवाए, इस हेतु निर्देश जारी किये गये हैं।
पुलिस महानिरीक्षक डॉ0 राकेश सिंह ने निर्देश दिए कि लोगों की मृत्यु के बाद नहीं पहले से सुरक्षात्मक उपाय अपनाए जाएं। यह काम एआरटीओ और पुलिस के माध्यम से कराये जाएं और प्रयास करें कि ब्लैक स्पॉट्स बनने ही ना पाये।
बैठक में चारों जनपद के एआरटीओ सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Recent