बरेली: आला हजरत सर्जिकल एंड ट्रॉमा सेंटर हॉस्पिटल के संचालक डॉ मोहम्मद फाजिल बरेली में एक जाना-पहचाना नाम है, लेकिन इस समय वह अपने राजनीतिक कैरियर को लेकर चर्चाओं में हैं। लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे डॉ मोहम्मद फाजिल इस समय कई अन्य राजनीतिक पार्टियों से संपर्क साधे हुए हैं।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि डॉ. मोहम्मद फाजिल समाजवादी पार्टी से कैंट विधानसभा का टिकट मांग रहे थे, लेकिन कैंट विधानसभा बरेली से डॉ अनीश बेग की सपा से दावेदारी से वह नाराज नजर आए। इसके बाद से वह समाजवादी पार्टी की ज्यादा सभाओं और बैठकों में दिखाई नहीं देते हैं।
बीते दिनों उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी उनके अस्पताल आला हजरत सर्जिकल एंड ट्रॉमा सेंटर गए, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। इससे उनकी भाजपा की तरफ झुकाव की चर्चाएं तेज हो रही हैं।
डॉ. मोहम्मद फाजिल इस समय कांग्रेस, बसपा समेत अन्य दल के नेताओं के संपर्क में भी हैं। आने वाले दिनों में क्या डॉ. मोहम्मद फाजिल नए दल का साथ थामेंगे या सपा के साथ बने रहेंगे, यह तो आने वाला वक्त बताएगा। लेकिन बरेली में यह राजनीतिक मुलाकातें हलचल मचा रही हैं।
डॉ. मोहम्मद फाजिल की राजनीतिक पसंद पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। उनकी अगली चाल क्या होगी, यह देखने वाली बात होगी। बरेली की राजनीति में यह एक बड़ा बदलाव हो सकता है।


