बरेली: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली द्वारा मासिक अपराध गोष्ठी कर गंभीर अपराधों एवं लंबित मामलों पर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, गिरफ्तारी में तेजी और पीड़ित केंद्रित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।
मूल्यांकन प्रणाली के तहत माह जून और जुलाई में टॉप थाना प्रभारियों, क्षेत्राधिकारियों और पुलिस अधीक्षकगणों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा चौकी प्रभारियों की मूल्यांकन प्रणाली के तहत भी टॉप 10 चौकी प्रभारियों को ट्रॉफी, पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली ने आगामी गणेश चतुर्दशी और बारावफात पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने त्यौहारों के दौरान यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और खुफिया इकाई की सक्रियता बढ़ाए जाने पर विशेष बल दिया।
जनपदीय पुलिस के 50 पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण द्वारा माह जून और जुलाई 2025 में किए गए सराहनीय/उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उप निरीक्षक अमित कुमार के गैर जनपद में स्थानांतरण होने के फलस्वरूप रिजर्व पुलिस लाइन, सभागार बरेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली द्वारा फूल माला पहनाकर, उपहार और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए विदा किया गया।


