लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी के तत्वाधान में 9 अक्टूबर प्रातः 8:00 बजे मान्यवर श्री काशीराम स्मारक स्थल, लखनऊ में पार्टी संस्थापक बहुजन नायक काशीराम साहब की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रह चुकीं परम आदरणीया बहन कुमारी मायावती जी के आह्वान पर आयोजित हो रही है।
बीएसपी ने साफ कहा है कि यह रैली सिर्फ श्रद्धांजलि कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, बहुजन नायक मान्यवर काशीराम और दलित-पिछड़ों में जन्में सभी संतों-महापुरुषों के अधूरे मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प भी है।
इसी क्रम में आगामी 17 व 18 अक्टूबर 2025 को प्रदेशभर में विधानसभा क्षेत्रों और ग्राम-बूथ स्तर पर बैठकों का आयोजन किया गया। मीरगंज, कैंट और शहर विधानसभा क्षेत्र की बैठक में जिला संयोजक अयोध्या प्रसाद गंगवार मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ बीआर सागर व अन्य जिला व क्षेत्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बीएसपी नेताओं ने कहा कि –
- बहुजन समाज पार्टी किसी जाति या धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि सभी समाज के उत्थान की पक्षधर है।
- बहन मायावती जी के शासनकाल में सबको समान अवसर मिले और कानून-व्यवस्था की मिसाल कायम हुई, जिसे आज जनता याद कर रही है।
- विरोधी दल विभिन्न हथकंडों से बहुजन मतों को बिखेरने की साजिश रच रहे हैं। कार्यकर्ताओं से अपील है कि बहकावे में न आएं और हर चुनाव में अपनी असली अंबेडकरवादी पार्टी बीएसपी को ही वोट दें।
बैठक में उपस्थित बुद्धिजीवियों, अधिवक्ताओं और समाजसेवियों ने बीएसपी ज्वाइन कर मिशन को मजबूत करने का संकल्प लिया। जिला नेतृत्व ने सभी नए साथियों का स्वागत कर धन्यवाद ज्ञापित किया !


