Indus News TV Live

Sunday, April 26, 2026
spot_img

बरेली: भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के प्रदेश अध्यक्ष बने भूपेंद्र सिंह गिल, जिलाध्यक्ष केशव सिंह सोलंकी ने दी बधाई

बरेली:भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने उत्तर प्रदेश में संगठन को मज़बूत करने के लिए बड़ा बदलाव किया है। संगठन ने भूपेंद्र सिंह गिल को उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने की खबर से संगठन के कार्यकर्ताओं और किसानों में हर्ष की लहर दौड़ गई।

बरेली जिले के किसान नेता एवं बीकेयू चढूनी के जिलाध्यक्ष केशव सिंह सोलंकी ने भूपेंद्र सिंह गिल को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि गिल का लंबे समय से किसान आंदोलन में अहम योगदान रहा है। वे किसानों की आवाज़ को सरकार तक मजबूती से पहुँचाने में हमेशा सक्रिय रहे हैं। उनका अनुभव और संघर्षशील छवि संगठन को नई दिशा देने का काम करेगी।

जिलाध्यक्ष सोलंकी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गिल किसानों के मुद्दों—जैसे न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी, किसानों के कर्ज़ माफ़ी, महंगे डीजल-खाद के दामों में राहत और बिजली की दरों में कमी—को लेकर निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि भूपेंद्र सिंह गिल के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा किसान वर्ग की समस्याओं का समाधान निकालने में तेजी आएगी।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) हमेशा किसानों की आवाज़ उठाती रही है और आगे भी गिल के नेतृत्व में आंदोलन और तेज़ होंगे। प्रदेश के कोने-कोने में किसानों को संगठित करने और उनकी एकजुटता को मजबूत करने का काम अब और तेज गति से आगे बढ़ेगा।

भूपेंद्र सिंह गिल की नियुक्ति पर बरेली जिले के साथ-साथ प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की और उन्हें किसान हितैषी नेतृत्व का सही विकल्प बताया।

Related Articles

Recent