पीलीभीत: मैथिल ब्राह्मण समाज ने किया प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन, शिक्षा और सामाजिक एकता पर दिया जोर
रिपोर्ट: नवदीप शर्मा
पीलीभीत, 28 जून 2026। मैथिल ब्राह्मण सभा, जिला पीलीभीत द्वारा टनकपुर रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा के प्रांतीय अध्यक्ष महेश चन्द्र शर्मा एडवोकेट ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सोमपाल शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पमालाओं एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि सोमपाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज की उन्नति का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा समाज को संगठित और सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी समय में समाज की राजनीतिक भागीदारी भी महत्वपूर्ण रहेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि संगठन समाज को एकजुट रखने और उसे नई दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने सामाजिक जागरूकता एवं एकता को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
सभा के प्रांतीय महासचिव ओ. पी. शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक विकास के लिए समाज का संगठित होना आवश्यक है। उन्होंने मैथिल समाज के लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने बच्चों में संस्कार, शिक्षा और सामाजिक मूल्यों के विकास पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर जितेंद्र कुमार शर्मा (जिलाध्यक्ष), डॉ. सत्यपाल शर्मा, मुनीश कुमार शर्मा, पंकज शर्मा, गौरव शर्मा, मदन लाल शर्मा, सुशील कुमार शर्मा एवं भगवान दास शर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन पंकज शर्मा ने किया।