जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (जेल) एच. के. लोहिया की हत्या की खबर ऐसे समय में आई है जब केंद्रीय गृह मंत्री जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं. शुरुआती जांच में पुलिस ने मामले में आतंकी कनेक्शन होने से इनकार किया है. (Hemant Kumar Lohia Murdered)
जम्मू कश्मीर में सोमवार देर रात राज्य के पुलिस महानिदेशक (जेल) हेमंत लोहिया की उनके निवास पर हत्या कर दी गई. हत्या किसी धारदार हथियार से रेतकर की गयी.
पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में अधिकारी के एक घरेलू नौकर पर मुख्य आरोपी होने का शक जताया है.
पुलिस ने कहा है, ”डीजी जेल एचके लोहिया की मौत के मामले की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि रामबन निवासी एक घरेलू सहायक यासिर अहमद मुख्य आरोपी है. घटना स्थल से एकत्र किए गए कुछ सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध आरोपी को वारदात के बाद भागते हुए देखा गया है. वह पिछले करीब छह महीनों से घर में काम कर रहा था. शुरुआती जांच से पता चला कि वह अपने व्यवहार में काफी आक्रामक था और सूत्रों के मुताबिक, वह डिप्रेशन में भी था.”
1992 बैच के आईपीएस अधिकारी 52 वर्षीय हेमंत लोहिया शहर के बाहरी इलाके उदयवाला में अपने घर में मृत पाए गए. उनका गला रेता हुआ था. प्रथम दृष्टया यह संदिग्ध हत्या का मामला नजर आ रहा है.
घटना के बाद से लोहिया का घरेलू नौकर फरार है. उसकी तलाश की लिए टीमें लगाई गईं हैं. लोहिया के घर पर फॉरेंसिंक एवं अपराध जांच दल ने भी निरीक्षण किया. जम्मू कश्मीर पुलिस के मुताबिक, उनके कमरे से टूटी हुई सॉस की बोतल मिली है जिससे गला रेटे जाने की सम्भावना दिखाई दे रही है.
एडीजीपी जम्मू मुकेश सिंह ने बताया है कि “प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक घरेलू सहायक यासिर अहमद मुख्य आरोपी है. जांच से पता चलता है कि वह अपने व्यवहार में काफी आक्रामक था और सूत्रों के अनुसार अवसाद में भी था.
रात को पूरे परिवार के साथ डिनर करने के बाद हेमंत कुमार लोहिया बेडरूम में नौकर यासिर के साथ गए. हेमंत कुमार लोहिया अक्सर रात में अपने पैरों में तेल की मालिश करवाया करते थे. बेडरूम में जाने के बाद यासिर ने पहले दरवाजा बंद किया और फिर इस हत्या को अंजाम दिया. हत्या करने के बाद बेडरूम के दूसरे दरवाजे से भाग निकला.
भागने से पहले यासिर अहमद ने बेडरूम में आग लगाने की भी कोशिश की. आग की लपटें देखकर ही बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी भागकर बेडरूम में आये. जहां लोहिया मृत पाए गए.


