बरेली: आज दिनांक 21.06.2025 को अविनाश सिंह जिलाधिकारी बरेली एवं अनुराग आर्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद बरेली की उपस्थिति में तहसील बहेड़ी में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में से कई का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि शिकायतकर्ताओं को बार-बार तहसील या थाने के चक्कर न लगाने पड़े और उनकी समस्याओं का समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से समाधान हो
⁹
समाधान दिवस के पश्चात, तहसील परिसर में एक वृक्षारोपण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने स्वयं वृक्षारोपण किया तथा उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए, जो पर्यावरण संतुलन और हरित बरेली के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद बरेली ने कहा, “जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता है। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण जैसे प्रयासों को बढ़ावा देना हमारा दायित्व है।” वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस और राजस्व विभाग के बीच समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बहेड़ी, क्षेत्राधिकारी बहेड़ी एवं अन्य अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित रहें।


