बरेली: आगामी बारावफात त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से थाना बारादरी व बारादरी क्षेत्र के अंतर्गत चौकी जोगीनवादा पर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्राधिकारी तृतीय पंकज श्रीवास्तव, थाना प्रभारी निरीक्षक बारादरी, चौकी प्रभारी जोगीनवादा, अंजुमन के पदाधिकारी, मस्जिदों के इमाम तथा मुतवल्ली शामिल हुए।
गोष्ठी के दौरान अधिकारियों ने कहा कि त्यौहार के समय सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द का परिचय दें। बारावफात के जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसका सभी को विशेष ध्यान रखना चाहिए। पुलिस प्रशासन ने अंजुमन के पदाधिकारियों से अपील की कि वह लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।
क्षेत्राधिकारी तृतीय ने स्पष्ट किया कि जुलूस व धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग केवल निर्धारित समय सीमा के भीतर ही किया जाए। किसी भी स्थिति में विवाद की संभावना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
मस्जिदों के इमाम व मुतवल्ली ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वह त्योहार को शांति और अनुशासन के साथ संपन्न कराएंगे और लोगों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे। अंजुमन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका संगठन प्रशासन को हर संभव सहयोग देगा।
इस गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखते हुए त्यौहार को उल्लासपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना था। बैठक के दौरान सभी पक्षों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि बरेली में बारावफात का त्यौहार आपसी भाईचारे और अमन-चैन के साथ मनाया जाएगा।


