Indus News TV Live

Thursday, March 12, 2026
spot_img

राम मंदिर के उद्घाटन को लेकर किस पर बिफरे मौलाना शहाबुद्​दीन रजवी

बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने प्रेस को जारी अपने एक बयान में कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने जा रहे हैं, इस मामले को लेकर मुस्लिम लीडरान और मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड मुसलमानों को डराने और दहशत फैलाने में लगा हुआ है, समाजवादी पार्टी के लीडरान भी मुसलमानों को भड़काने और उकसाने में लगे हुए हैं। (Maulana Shahabuddin Ram Temple)

”मैं मुसलमानों को मशवरा (सलाह) देना चाहता हूं कि उनको भारत में डरने, घबराने, परेशान होने की जरूरत नहीं है। भारत सूफी संतों का देश है और इस देश में सदियों से सभी संप्रदाय के लोग मिलजुल कर रहते आए हैं। 22 जनवरी को भी देश में अमन व शांति रहेगी, सामान्य रूप से मुसलमान अपने रोजमर्रा का काम करते रहें, भारत हमारा और हमारे बुजुर्गों का देश है इसलिए किसी लीडर के बयानों से डरने और घबराने की जरूरत नहीं है, अपने अंदर भाई चारा और हिंदू मुस्लिम इत्तेहाद को कायम रखते हुए उनको करारा जवाब देने की जरूरत है।” – मौलाना शहाबुद्दीन रजवी

https://youtu.be/QEGU02-GjtY

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा, ‘जब से राम मंदिर के उद्घाटन की घोषणा हुई है, उस दिन से चंद मुस्लिम लीडरान राम मंदिर के नाम पर मुसलमानों को डराने लगे हैं। यूडीएफ के मौलाना बदरूद्दीन अजमल, एमआईएम के असदउद्दीन ओवैसी, जमीयत ए उलमा हिंद के मौलाना महमूद मदनी, समाजवादी पार्टी के डाक्टर शफीकुर रहमान बर्क और डाॅ. एस टी हसन लगातार राम मंदिर को राजनीतिक मुद्दा बनाए हुए हैं और मुसलमानों को राम मंदिर के नाम पर डराने और धमकाने का काम कर रहे हैं, और बराबर ये कहा जा रहा है की अगर ऐसा हुआ तो भारत के हालात खराब हो जाएंगे। इस तरह की तमाम बयानबाजी ने मुसलमानों के ज़ेहन में एक तरह से डर और भय बैठा दिया है।’ (Maulana Shahabuddin Ram Temple)

”मैं मुसलमानों से कहना चाहता हूं कि इन गुमराहकुन बयानों से होशियार रहें, ये देश हमारा है और यहां पर रहने वाले सभी लोग हमारे भाईं और बहन हैं, किसी से डरने और खौफजदा होने की जरूरत नहीं है और न ही किसी से उलझने और झगड़ने की जरूरत है बल्कि सबके साथ मिलकर देश की तरक्की के लिए और देश की एकता और अखंडता के लिए काम करने की जरूरत है।”

मौलाना ने बोर्ड के जारी किए गए पत्र के संबंध में कहा, ‘मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड अपने असली मकसद से भटक गया है, बोर्ड का काम खालिस मजहबी व शरई मामलात में मुसलमानों की रहनुमाई करना है, मगर चंद सालों से ये देखा जा रहा है कि अपने मकसद पर काम न करके राजनीतिक मामलात में दिलचस्पी ज्यादा बढ़ गई है, देखा ये गया है जब भी लोकसभा के चुनाव करीब आते हैं तो बोर्ड किसी न किसी सियासी मुद्दे को लेकर सक्रिय हो जाता है जबकि बोर्ड की स्थापना इस तरह के कामों के लिए नहीं की गई थी।’ (Maulana Shahabuddin Ram Temple)

मौलाना ने केंद्र और राज्य सरकारों का ध्यान इस तरफ दिलाया है कि श्री राम के नाम से शहरों और देहातों में जुलूस निकाले जा रहे हैं, जुलूस निकालना हर व्यक्ति का हक है, मगर इन जुलूसों में कुछ ऐसे असमाजिक तत्व शामिल हो जाते हैं जो बाद में कहीं न कहीं मुसीबत का सबब बन जाते हैं।

”अभी जो जुलूस निकाले जा रहे हैं उनमें कई जगह से ये शिकायतें मिली हैं कि कहीं रास्ते में मस्जिद य दरगाह पड़ती है तो वहां रुककर जोर शेर से नारेबाजी की जाती है। इसलिए सरकार को चाहिए कि इस पर ध्यान दें और भारतीय जनता पार्टी को ऐसे निर्देश जारी करना चाहिए जिससे माहौल खराब न हो और शांति बनी रहे।”

मौलाना ने कहा कि समाजवादी पार्टी के स्वामी प्रसाद मौर्य हिंदुओं को भड़का रहे हैं उनके भड़काऊ बयान से ये अंदेशा पैदा हो गया है की कहीं कोई अनहोनी घटना न हो जाए। (Maulana Shahabuddin Ram Temple)

(उत्तरप्रदेश के बरेली शहर में मौजूद ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के हेड ऑफिस से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति)


यह भी पढ़ें: मुग़ल पीरियड में पसमांदा मुस्लिम की हालत


 

Related Articles

Recent