बरेली: थाना हाफिजगंज क्षेत्र में पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस पुलिस मुठभेड़ में एक अभियुक्त के बायें पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 01 तमन्चा 315 बोर, 01 खोखा कारतूस, 01 तमन्चा 12 बोर, 01 जिन्दा कारतूस 12 बोर और 01 मोटर साईकिल बरामद की है। यह कार्रवाई लूट की एक घटना के संबंध में की गई है, जिसमें वादी श्यामाचरन ने तहरीर दी थी कि उसके नाती को तमंचा दिखाकर धमकी देते हुए उसकी जेब में रखा सैमसंग कम्पनी का मोबाइल और मोटर साईकिल लूटकर ले गये थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस की सक्रियता और सजगता से अपराधियों में खौफ है और आम जनता में सुरक्षा का भाव है। घायल अभियुक्त का इलाज चल रहा है और पुलिस उसके बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही हैं!
दिनांक 20.06.2025 को समय करीब 23.35 बजे सूचना पर स्थानीय थाना पर पंजीकृत मु0अ0सं0 254/25 धारा 309(6) बीएनएस से सम्बन्धित अभियुक्तगण को गुलड़िया महीपत के जंगल के पास रास्ते पर आ रहे मोटरसाइकिल सवार 03 व्यक्तियों को चैकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया गया तो उनके द्वारा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी कार्यवाही में 01 अभियुक्त बायें पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। घायल अभियुक्त व उसके 01 साथी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया तथा दूसरा साथी मौके से भौगोलिक स्थितियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में घायल अभियुक्त ने अपना नाम प्रमोद उर्फ पकौड़ी पुत्र प्रताप उम्र करीब 27 वर्ष नि0 ग्राम पूरनपुर थाना बिथरी चैनपुर जनपद बरेली तथा दूसरे अभियुक्त ने अपना नाम सन्नी कुमार पुत्र वीरपाल निवासी ग्राम पूरनपुर थाना बिथरी चैनपुर जनपद बरेली बताया। दोनों अभियुक्तों ने फरार हुए अपने साथी का नाम प्रशान्त पटेल पुत्र सतीश कुमार नि0 ग्राम पूरनपुर थाना बिथरी चैनपुर जनपद बरेली बताया।
घायल अभियुक्त प्रमोद उर्फ पकौड़ी के कब्जे से 01 तमन्चा 315 बोर मय 01 खोखा कारतूस 315 बोर नाल में फंसा हुआ व 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर एवं दूसरे अभियुक्त सन्नी कुमार पुत्र वीरपाल के कब्जे से 01तमन्चा 12 बोर मय 01 जिन्दा कारतूस 12 बोर तथा मु0अ0सं0 254/25 से सम्बन्धित लूटी गयी 01 मोटर साईकिल रजि0 नं0 UP25DW482 बरामद हुई है। घायल अभियुक्त प्रमोद उर्फ पकोड़ी को सीएचसी नवाबगंज प्राथमिक उपचार हेतु भेजा गया जहाँ से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।


