बरेली: एनपीएस-यूपीएस और निजीकरण के विरोध में NMOPS के राष्ट्रव्यापी आवाह्न पर आज यांत्रिक कारखाना इज्जतनगर के गेट पर भारी संख्या में रेल कर्मचारियों ने इकठ्ठा होकर गेट मीटिंग कर रोष प्रदर्शन किया और एन ई रेलवे मेंस कांग्रेस – फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे और इंडियन रेलवे एम्पलाइज फेडरेशन के संयुक्त तत्वाधान में विशाल मशाल जुलूस निकाल कर आक्रोश और एकजुटता का प्रदर्शन किया। कारखाना गेट पर हुई आम सभा में एन ई रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल मंत्री रजनीश तिवारी, कारखाना उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह एवं संरक्षक संतोष यादव ने रेल कर्मचारीयों की विभिन्न समस्याओं की चर्चा करते हुए यूपीएस और एनपीएस के नुकसान बताते हुए सरकार से कर्मचारियों के हित में जल्द से जल्द पुरानी पेंशन बहाल कर देने की अपील की।
गेट मीटिंग के बाद उपस्थित जन समूह मशाल जुलूस के रूप में डीआरएम ऑफिस होते हुए इज्जतनगर स्टेशन पर पहुंचा जहां जुलूस को एलारसा मंडल मंत्री एस पी सिंह ने संबोधित करते हुए NPS UPS को राजनीतिक लॉबी की साजिश करार देते हुए संवैधानिक व्यवस्था का चीरहरण कर कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात करने का पर्याय बताया।
मशाल जुलूस के समापन पूर्व अपने संबोधन में फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे के इज्जतनगर मण्डल संयोजक जयेंद्र शेखर गुप्ता ने कहा कि जो मान्यता प्राप्त फेडरेशनो के नेतागण NPS और UPS की तारीफें करते नहीं थकते उनके दोहरे चरित्र का इससे बड़ा और क्या प्रमाण हो सकता है कि वह स्वयं और उनके शागिर्द UPS का चयन नहीं कर रहे…उनकी और सरकार की तमाम अपीलों, दलीलों और विकल्प के चयन की मियाद बढ़ा देने के बावजूद भी केवल 1.37 प्रतिशत कर्मचारियों ने ही UPS का चयन किया है जो सुबूत है कि यह स्कीम पूरी तरह विफल है। बेहतर है कि सरकार यथाशीघ्र इस बात को स्वीकार कर लें कि जिस प्रकार तीनों कृषि कानून उसकी विफलता थी उसी प्रकार NPS और UPS लाना भी उसकी बड़ी विफलता है और कर्मचारियों के हित और उनकी मांग के अनुसार जल्दी से जल्दी हू ब हू पुरानी पेंशन बहाल कर देनी चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर एन ई रेलवे मेंस कांग्रेस के संरक्षक श्री संतोष यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर सुरेन्द्र प्रताप सिंह, अवधेश कुमार, देवेंद्र सिंह, महताब आलम, आदित्य, दीक्षा, शमीम अहमद, अब्दुल इकरार, ब्रह्मपाल, सत्येंद्र यादव, रिचर्ड विलियम, अफ़रोज़ खान, रिपु कुमार, यश पाल सिंह, सत्येंद्र सिंह , लक्ष्मीकांत, देवेंद्र प्रताप सिंह, जोगिंदर यादव , आलोक गिरी, प्रेमवीर, रिमझिम, निहारिका, आदि उपस्थित रहे।


