बरेली: खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और यह न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी मजबूत बनाते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए श्रेयांश प्लेस्टेशन रीछोला ताराचंद्र के तत्वाधान में एक भव्य कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक ग्राम रीछोला ताराचंद्र में खेला जाएगा।
इस प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें कामकाजी वर्ग, व्यापारी वर्ग तथा कॉर्पोरेट जगत से जुड़े खिलाड़ी शामिल होंगे। आयोजन समिति का मानना है कि आज की व्यस्त दिनचर्या और भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास स्वास्थ्य और खेलों के लिए पर्याप्त समय नहीं बच पाता। ऐसे में यह क्रिकेट टूर्नामेंट लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग करने और उनमें खेलों के प्रति रुचि जगाने का प्रयास है।
आयोजन मंडल में प्रशांत गंगवार (प्रशांत लैफ्टी) की अगुवाई में जगदीश सिंह, राजेश कुमार सिंह, विकल्प कुदेसिया, प्रसून गंगवार, पटवा जी, विक्रम साहनी, राहुल कपूर और रियाज़ अफरीदी , मयंक यादव, राहुल पंडित सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सभी का उद्देश्य है कि इस टूर्नामेंट के माध्यम से युवाओं और कामकाजी वर्ग को यह संदेश दिया जाए कि खेलकूद जीवन का जरूरी हिस्सा हैं और स्वस्थ जीवन जीने के लिए नियमित रूप से खेलों में भाग लेना चाहिए।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए तैयारी जोर-शोर से चल रही है। आयोजकों ने बताया कि सभी टीमों को बेहतर खेल माहौल देने के लिए मैदान और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस टूर्नामेंट का रोमांच न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि दर्शकों के बीच भी देखने को मिलेगा।


