बरेली: 2 जून 2026: भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) जिला बरेली की तहसील फरीदपुर इकाई की मासिक बैठक मंगलवार को तहसील परिसर फरीदपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ किसान नेता चौधरी राजेंद्र सिंह ने की। बैठक में क्षेत्र के किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) फरीदपुर को ज्ञापन सौंपा गया (Bharatiya Kisan Union organised a meeting)

रिपोर्ट: राजीव कुमार यादव
बैठक में किसानों ने प्रमुख रूप से आवारा एवं छुट्टा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया। किसानों का कहना था कि छुट्टा पशुओं के कारण खेती-किसानी प्रभावित हो रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। इसके अलावा किसानों ने मांग की कि यूरिया एवं डीएपी खाद की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित की जाए, ताकि बुवाई और खेती के कार्य प्रभावित न हों।

किसान नेताओं ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि कई पात्र किसान अभी भी योजना के लाभ से वंचित हैं, जिन्हें जल्द से जल्द योजना से जोड़ा जाना चाहिए। बैठक में पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाए जाने तथा राजस्व अभिलेखों में खतौनी के अंशों में मौजूद त्रुटियों को ठीक कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई (Bharatiya Kisan Union organised a meeting)

इसके साथ ही किसानों ने विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए कहा कि कृषि कार्यों के लिए निर्धारित समय पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि सिंचाई कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें। किसानों की इन सभी समस्याओं और मांगों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन उप जिलाधिकारी फरीदपुर को सौंपा गया तथा शीघ्र समाधान की मांग की गई।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष चौधरी सोमबीर सिंह, जिला महासचिव चौधरी सत्येंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष सतपाल गंगवार, जिला मंत्री चौधरी विजयपाल सिंह, फरीदपुर तहसील अध्यक्ष सुनील यादव, फरीदपुर ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्म स्वरूप मौर्य, भूता ब्लॉक अध्यक्ष गंगाराम प्रधान सहित राधेश्याम बजरिया, हनीफ मुल्ला, भूपराम, जयवीर यादव, सत्येंद्र यादव, वसीम शेख, ओम प्रकाश सिंह एवं अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


