Indus News TV Live

Thursday, November 19, 2026
spot_img

रेजांगला के वीर अहीर शहीदों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की मांग उठी, तालकटोरा स्टेडियम में जुटा यादव समाज

नई दिल्ली: वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला में अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर अहीर सैनिकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए बुधवार को तालकटोरा स्टेडियम में देशभर का यादव समाज एकजुट हुआ (Yadav community gathers at Talkatora Stadium)

रिपोर्ट: राजीव कुमार यादव


श्री कृष्णा यादव महासभा के अध्यक्ष जगदीश यादव के तत्वावधान में आयोजित रेजांगला शौर्य दिवस समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान रेजांगला में राष्ट्रीय शौर्य स्थल अहीरधाम विकसित करने और वीर अहीरों की शौर्यगाथा को राष्ट्रीय पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग उठाई गई।

कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रेजांगला के वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित है। सेना को देश की रक्षा और दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी स्वतंत्रता दी गई है। उन्होंने कहा कि आज दुश्मन देश पर हमला करना तो दूर, घुसपैठ करने की हिम्मत भी नहीं कर पा रहे हैं। पहले सीमा पर गोलीबारी और घुसपैठ की घटनाएं होती थीं, लेकिन सेना को जवाबी कार्रवाई के लिए दिल्ली से अनुमति लेनी पड़ती थी। कई बार सैनिकों को परिस्थितियों के कारण शर्मिंदगी भी झेलनी पड़ती थी। अब सेना को दुश्मन के खिलाफ कार्रवाई करने की खुली छूट है (Yadav community gathers at Talkatora Stadium)

मुख्यमंत्री ने रेजांगला के शहीदों के परिजनों को सम्मानित करते हुए कहा कि देश को इन वीरों पर हमेशा गर्व रहेगा। उन्होंने बेहद विषम परिस्थितियों में और दुश्मन की संख्या कई गुना अधिक होने के बावजूद देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने में एक कदम भी पीछे नहीं हटाया।

यादव समाज का गौरवशाली इतिहास : मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि यादव समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है।

गुलामी के दौर में देश को आजाद कराने के लिए समाज के लोगों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। राजा-महाराजा भी देश के लिए बलिदान देने में पीछे नहीं रहे। आजादी के बाद भी देश की सीमाओं की रक्षा में यादव समाज अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। रेजांगला का युद्ध इसका बड़ा प्रमाण है।

शौर्यगाथा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की मांग

श्री कृष्णा यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव ने रेजांगला के शहीदों की स्मृति में राष्ट्रीय शौर्य स्थल अहीरधाम विकसित करने और उनकी वीरगाथा को राष्ट्रीय पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग उठाई।

महासभा अध्यक्ष ने समारोह देशभर के यादव समाज की एकजुटता और शहीदों के प्रति सम्मान का अवसर है। रेजांगला की वीरगाथा पूरे देश की सैन्य विरासत और राष्ट्रीय गौरव का हिस्सा है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही हरियाणा विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह, दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, महासभा के संगठन महासचिव हेमंत यादव, राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर थान सिंह यादव, महिला विंग की अध्यक्ष निशा यादव, उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष राजेश यादव, भाजपा प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव समेत हजारों गणमान्य लोगों और यादव समाज के सदस्यों ने रेजांगला के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।


यह भी पढ़ें: हेमंत सोरेन की सियासी जिंदगी के अनकहे पन्ने अब दो किताबों में, हिंदी और अंग्रेजी में सामने आई संघर्ष से सत्ता तक की कहानी

यह भी पढ़ें: बरेली में भगवान श्रीकृष्ण के कथित अपमान को लेकर अखिल भारतीय यादव महासभा ने सौंपा ज्ञापन

Related Articles

Recent