बरेली: समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं धरतीपुत्र श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर फरीदपुर में श्रद्धा, उत्साह और जोश के साथ श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव जनचेतना पीडीए पदयात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान नेताजी के विचारों, सामाजिक न्याय और पीडीए की एकजुटता का संदेश गूंजता रहा (Bareilly: ‘PDA Janchetna Padyatra’)

रिपोर्ट: राजीव कुमार यादव
फरीदपुर स्थित सीएएस इंटर कॉलेज में नेताजी मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सांसद नीरज मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पदयात्रा का उद्देश्य नेताजी के संघर्षपूर्ण जीवन, समाजवादी विचारधारा, सामाजिक न्याय और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।

समाजवादी पार्टी की ओर से यह पदयात्रा 22 नवंबर से 22 दिसंबर तक पूरे बरेली जिले में निकाली जाएगी। इसके माध्यम से गांव-गांव और विधानसभा स्तर तक महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और सामाजिक असमानता जैसे जनमुद्दों को उठाया जाएगा। साथ ही संविधान, लोकतंत्र और पीडीए के अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा (Bareilly: ‘PDA Janchetna Padyatra’)

इस अवसर पर आंवला सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव का पूरा जीवन संघर्ष, साहस और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने हमेशा किसानों, नौजवानों, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों की आवाज बुलंद की। आज उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके बताए रास्ते पर चलने की जरूरत है। यह पदयात्रा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम करेगी।

जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि नेताजी ने समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाकर गरीबों, किसानों और वंचित समाज को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाई। आज पीडीए की एकजुटता समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा पूरे जिले में जनता के बीच पहुंचकर उनके सवालों को उठाएगी और हर गांव तथा हर बूथ तक समाजवादी विचारधारा का संदेश पहुंचाएगी (Bareilly: ‘PDA Janchetna Padyatra’)

पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप और महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी ने कहा कि नेताजी ने हमेशा सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की राजनीति की। वर्तमान समय में देश को नफरत और विभाजन के बजाय रोजगार, शिक्षा, आपसी भाईचारे और सामाजिक न्याय की आवश्यकता है। यह पदयात्रा संविधान की रक्षा और पीडीए की आवाज को मजबूत करने का अभियान है।

पूर्व विधायक विजय पाल सिंह और हरीश लखा ने कहा कि नेताजी का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने किसानों, नौजवानों और कमजोर वर्गों को सम्मान एवं अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। पदयात्रा के माध्यम से समाजवादी आंदोलन को नई ऊर्जा मिलेगी और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

पदयात्रा सीएएस इंटर कॉलेज से शुरू होकर बक्सरिया, साहूकारा, कोतवाली के सामने, बीसलपुर रोड, मोहल्ला मिर्धान, मोहल्ला ऊंचा, मोहल्ला परा, बिजलीघर वाली गली और शांतिनगर होते हुए गेसगंज पहुंची। इसके बाद यात्रा नौगवां, ततारपुर और बंजरिया पहुंची, जहां यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव के यहां पदयात्रा का समापन हुआ।

कार्यक्रम में डॉ. देवेंद्र सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह यादव, जिला महासचिव राजकुमार पाल, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, बृजेंद्र पटेल, प्रमोद यादव एडवोकेट, प्रमोद बिष्ट, जितेंद्र मुंडे, रहीस मियां अब्बासी, प्रदीप मौर्य, संजीव यादव दन्नू, पन्ना लाल साहू, हसनैन खान, अमित राज सिंह यादव, राजेश मौर्य, मोहित सक्सेना, अरविंदर सिंह बेदी, विधानसभा अध्यक्ष बलराम यादव, निर्भय सिंह यादव, भद्रासेन गंगवार, चंद्रसेन सागर, इंद्रपाल सागर, कैप्टन बृजेंद्र माथुर, कल्पना सागर, शालिनी सिंह, जमुना प्रसाद मौर्य, अंशु गंगवार, परवेज यार खां, तनवीर, रामसेवक प्रजापति, डॉ. ओमकार पटेल, विशन मौर्य, द्रोण कश्यप, नवीन कश्यप, राजेंद्र पांडे, मुकेश मिश्रा, नीरज तिवारी, जैनब फातिमा, नरेंद्र यादव, रामदीन यादव, रामसेवक शर्मा, गजेंद्र पटेल, अमरीश यादव, जोगेंद्र पटेल, सत्यवीर सिंह यादव, धर्मेंद्र सिंह लालू, ब्रजेश गौतम, जावेद गद्दी, सौरभ यादव, सुमित यादव, कप्तान यादव, रविंद्र यादव, राजेश यादव, स्वदेश यादव, ओमप्रकाश डायरेक्टर, रिंकू प्रधान, भूदेव शर्मा, तेजस प्रधान, डब्बू प्रधान, रामनाथ, ओमपाल प्रजापति प्रधान, प्रवीण पाल और राकेश गुप्ता सहित हजारों की संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


