-सतीश कुमार अल्लीपुरी
सांप का ख्याल आते ही हमारे शरीर में एक अजीब सी सिहरन दौड़ जाती है। कुछ लोगों का तो सांप का नाम सुनते ही पसीना छूट जाता है और रोंगटे खड़े हो जाते हैं। रेंगने वाले जंतुओं में सांप सबसे अधिक खतरनाक माना जाता है, लेकिन सभी सांप जहरीले नहीं होते। भारत में पाए जाने वाले लगभग 240 प्रकार के सांपों में से तकरीबन 48 प्रकार के सांप ही जहरीले होते हैं। इनमें से नाग (कोबरा), मनीर (क्रेट), गोनस (रसेल वाइपर) व फर्सा (स्केल्ड वाईपर) सबसे ज्यादा विषैले सांप होते हैं। पानी में रहने वाले, उड़ने वाले तथा पेड़ों पर रहने वाले सांप प्रायः जहरीले नहीं होते। दुनिया का सबसे जहरीला सांप ऑस्ट्रेलियन टाइगर है। विषैले सांपों में सबसे लंबा है किंग कोबरा। किंग कोबरा नाग नहीं होता, लेकिन फिर भी नाग की तरह ही फन निकालता है। वैसे विश्व का सबसे लंबा सांप एनाकोंडा है, लेकिन यह विषैला नहीं होता। भारत में सबसे लंबा सांप रेटिक्यूलेटेड पायथन है। यह भी जहरीला नहीं होता। भारत में पाया जाने वाला मनीर यानी क्रेट सबसे जहरीला सांप होता है जिसमें नाग की अपेक्षा 10 गुना ज्यादा जहर होता है। मनीर का शरीर काला-नीला होता है और उस पर सफेद धारियां होती हैं। यह दिनभर तो आराम करता है और रात में अपने शिकार की खोज में निकलता है। (Poison is also nectar)
सांप शीत रक्त, सरीसृप वर्ग का प्राणी है। यह अधिक ठंड बर्दाश्त नहीं कर पाता। सर्दी के मौसम में यह बिलों में अथवा ऐसी ओट की जगह में छिप जाता है जहां सर्दी का असर ना हो। तेज गर्मी पड़ने पर यह है अपनी बिल से बाहर निकलता है। बरसात के मौसम में जब बिलों में पानी भर जाता है तो भी इसे बाहर रंगते देखा जा सकता है जहरीले सांप अधिकांशतः बस्ती से दूर जंगल में ही रहते हैं। कुछ सांप पेड़ों पर भी रहते हैं तथा कुछ का निवास जल में होता है। मिट्टी पत्थर तथा कूड़े के ढेर में छिपने की सांप की आदत होती है। आमतौर पर लोगों का मानना है कि सांप दूध का शौकीन होता है, लेकिन यह गलत है। सांप दूध नहीं पीता। यह एक मांसाहारी जीव है। मुख्य रूप से सांप चूहा, मेंढक, पक्षी, छिपकली, गिरगिट तथा बिच्छू आदि को खाता है। लेकिन फर्सा, कोबरा तथा गोनस जैसे सांप अपने से छोटे सांपों को भी खा लेते हैं। वही पानी में रहने वाले सांप मछलियों को अपना शिकार बनाते हैं। सांप अपने भोजन के लिए कभी मनुष्य को नहीं काटता, बल्कि जब सांप को अपने जीवन पर खतरा दिखाई देता है या उसके किसी अंग पर पैर पड़ जाए तभी आत्मरक्षा के लिए वह मनुष्य को डसता है। सांप आदतन कटखना नहीं होता। सांप चाहे कितना भी जहरीला हो वह बिना छेड़े किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता।
सांपों का जहर मनुष्य के लिए जानलेवा होता है, लेकिन चिकित्सा विज्ञान में सांपों के विष का बड़ा महत्व है। सांप और उसका जहर आजकल वैज्ञानिकों के लिए खोज का विषय बना हुआ है। चिकित्सा अनुसंधान के लिए सांप का विष हासिल करने के लिए विशेषज्ञों को लंबी लंबी यात्राएं करनी पड़ती हैं। पकड़े गए सांपों को पहले सर्पशालाओं में रखा जाता है फिर बाद में प्रत्येक सांप से विष निकाला जाता है। विष को प्रयोगशाला में भेजा जाता है। वहां इससे दवाइयां तैयार की जाती हैं। साइटिका, हीमोफीलिया आदि बीमारियों के उपचार में विष से तैयार दवाएं रामबाण मानी जाती हैं। हीमोफीलिया रोग में रोगी के शरीर से किसी कारणवश रक्त स्त्राव होने पर वह आसानी से बंद नहीं होता। कभी-कभी इससे मनुष्य की मृत्यु भी हो जाती है। ऐसे में रोगी के शरीर से रक्त स्त्राव रोकने के लिए करैत सांप की एक विशेष प्रजाति रसेल वाईपर के विष का प्रयोग किया जाता है। यह विष खून का थक्का जमाने में सहयोग कर रक्त को लगातार बहने से रोकता है। कैंसर के इलाज के लिए कोबरा के जहर का इस्तेमाल किया जाता है। चिकित्सा विज्ञान के अनुसार कोबरा का जहर दिल की बीमारी, ब्रेस्ट कैंसर, स्ट्रोक, किडनी डिसऑर्डर, हाई ब्लड प्रेशर और पेन किलर की दवाओं के निर्माण में प्रयोग किया जाता है। इस तरह जहां सांप का जहर जान लेता है वही यह जहर लोगों की जान बचाने में भी सहायक है। (Poison is also nectar)
सांपों के सम्बंध में कुछ भ्रांतियां तथा उनका सच
भ्रांति:- सांप के फन में मणि होती है
सच:- मणि की बातें फिल्मों और कहानियों की देन है। सांप के फन में कोई मणि नहीं होती।
भ्रांति:- सांप बदला लेता है। किसी सांप को छेड़ देने पर वह फिर अकेले में मिलता है और डस लेता है।
सच:- ऐसा नहीं होता। सांप कभी बदला नहीं लेता है। बदला लेने की भावना सिर्फ मनुष्य में होती है।
भ्रांति:- नाग को मारने वाले का नागिन अपनी आंखों में फोटो खींच लेती है तथा उसे डस कर ही शांत होती है।
सच:- यह एक मनगढ़ंत बात है। हकीकत में ऐसा कुछ नहीं होता। नागिन या उसका अन्य साथी कभी ऐसा नहीं करता।
भ्रांति:- सांप बीन की धुन पर नाचता है।
सच:- सांप बीन की धुन पर नहीं बल्कि बीन के हिलने डुलने के साथ ही हिलता है, इसे ही सांप का नाचना कह दिया जाता है। असल में सांपों के कान ही नहीं होते वह सुन नहीं सकता। बीन की जगह कोई और लकड़ी इत्यादि ली जाए तब भी सांप उसी तरह से हरकत करता है।
भ्रांति:- इच्छाधारी नाग कोई भी रूप धारण कर लेता है।
सच:- ऐसा सिर्फ फिल्मों में मनोरंजन के लिए होता है। असल में ऐसा कुछ नहीं होता।
भ्रांति:- सांप दूध के शौकीन होते हैं।
सच:- सांप दूध के शौकीन नहीं होते और ना ही यह दूध पीना चाहते हैं। सांप पूर्णतया मांसाहारी जीव है। चूहा, मेंढक, बिच्छू तथा रेंगने वाले जीव जंतु इनका भोजन होते हैं। कभी-कभी सपेरा सांप को कई दिनों तक भूखा रखते हैं और तमाशा दिखाने के लिए उसके सामने दूध को रखते हैं। भूख में सांप दूध को पानी समझकर पी लेता है, लेकिन उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ता है। क्योंकि सांपों का पाचन तंत्र दूध को नहीं पचा सकता। दूध उसके फेफड़ों को इंफेक्टेड कर देता है। उसे निमोनिया हो जाता है और वह लगभग दस पंद्रह दिन के अंदर मर जाता है।
भ्रांति:- सांप को मार देने पर वह बदला लेने के लिए पुनः जिंदा होता है।
सच:- यह मिथ्या है। मरने के बाद सांप कभी जिंदा नहीं होते। सांपों की मृत्यु उसी प्रकार स्वाभाविक होती है जैसे अन्य जीवों की। आमतौर पर सांपों का जीवनकाल 10 से 12 वर्ष होता है लेकिन कई बार उनकी आयु 30 वर्ष से अधिक भी देखी गई है।
भ्रांति:- कुछ सांप दो मुंह के होते हैं जिन्हें दोमुंही कहा जाता है
सच:- कोई भी सांप दो मुंह का नहीं होता,बल्कि कुछ प्रजाति के सांपों का मुँह वाला भाग थोड़ा सख्त, काला और मुंह की शक्ल जैसा होता है।
सांपों से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्य
दुनिया में करीब 3000 किस्म के सांप पाए जाते हैं।
दुनिया का सबसे जहरीला सांप ऑस्ट्रेलियन टाइगर है।
विश्व का सबसे लंबा सांप एनाकोंडा है,लेकिन यह जहरीला नहीं होता।
भारत में सबसे लंबा सांप रेटिक्युलेटेड पायथन है। यह भी जहरीला नहीं होता।
भारत में पाया जाने वाला मनीर यानी क्रेट सबसे जहरीला सांप होता है।
अज़गर प्रजाति में सबसे बड़ा सांप नीलम अजगर है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार विश्व में लगभग 40-50 हजार लोग प्रतिवर्ष सांपों के काटने से दम तोड़ते हैं और भारत में यह तादाद लगभग 15000 सालाना है।
बर्मीज पायथन सांप एक शांतिप्रिय सांप है। यह भारत, नेपाल तथा पाकिस्तान में पाया जाता है।
सांपों का जहर कई विषैले तत्वों, एंजाइम व प्रोटीन से मिलकर बनता है। इसे सांप की लार ग्रंथियां बनाती हैं।
न्यूजीलैंड और आइसलैंड में सांप नहीं पाए जाते। *विषैले सांपों में सबसे लंबा सांप किंग कोबरा है।