Indus News TV Live

Sunday, March 8, 2026
spot_img

बरेली: खेत जा रहे बाइक सवार चाचा भतीजे को गोलियों से भूना

बरेली:  तहसील फरीदपुर थाना क्षेत्र के घारमपुर गांव में गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक सनसनी खेज वारदात हुई। बाइक सवार चाचा-भतीजे को घेरकर बदमाशों ने गोलियों से भून डाला, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, सीओ फरीदपुर और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतकों में दौलत खां (55) और उनके भतीजे रईस खां (26) गुरुवार सुबह बाइक से बुखारा रोड स्थित निर्माणाधीन कॉलोनी के पास से खेतों की ओर जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने असलहे लहराते हुए उन्हें घेर लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमलावरों ने रईस खां के सीने और कंधे पर गोली मारी, जबकि दौलत खां की पीठ में दो गोलियां दागी गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में खौफ का माहौल बन गया। मौके पर जांच में इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश का शक जताया जा रहा है। 2018 में गांव के ही नन्हे मिस्त्री की हत्या हुई थी, जिसमें दौलत खां का नाम सामने आया था। तभी से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। आशंका है कि इसी रंजिश के चलते गुरुवार को दौलत खां और उनके भतीजे रईस खां की हत्या कर दी गई।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों से जानकारी जुटा रही हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्र में खौफ का माहौल बना हुआ हैं।

Related Articles

Recent