Indus News TV Live

Saturday, November 21, 2026
spot_img

बरेली कलेक्ट्रेट में रंगदारी: QR कोड से 5000 की शिकायत से 10000 में निपटारे और 5 पत्रकारों पर FIR की पूरी कहानी के असली सबूत क्या हैं?

बरेली: पिछले तीन दिनों से उत्तरप्रदेश के बरेली शहर की सुर्खियों में स्वतंत्र पत्रकारिता करने लोगों पर एफआईआर दर्ज होने के मामले सुर्खियों में हैं। तीन दिन में तीन एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। सबसे अनोखा मामला यह है कि एडीएम प्रशासन के स्टेनो से पांच पत्रकारों ने दिनदहाड़े दफ्तर के अंदर रंगदारी मांगी और पेशकार की मौजूदगी में स्टेनो ने 10 हजार रुपए रंगदारी दी, जिसके बाद कोई वीडियो डिलीट की गई। स्टेनो ने घटना के तीन दिन बाद एफआईआर कराई। एफआईआर में घटनाक्रम के दिन ही यानी 22 सितंबर को स्टेनो की डीएम से शिकायत की गई थी और पत्रकार धांधली की शिकायत के लिए एसपी विजिलेंस, एंटी करप्शन सेल गए और रफा-दफा करने की कोशिशें में भी हुईं। इस पूरे मामले में कई दिलचस्प कड़ियां हैं, जिनको सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉडिंग, डिजिटल रिकॉर्ड, शिकायत दस्तावेज से परखकर पुलिस असलियत सामने ला सकती है। (FIR against five journalists)
सबसे पहले एडीएम प्रशासन के स्टेनो की एफआईआर में दर्ज घटनाक्रम की बात। एफआईआर में स्पष्ट रूप से स्टेनो संजीव कुमार कश्यप का कहना है कि 22 सितंबर 2026 को अवधेश कुमार नाम के आवेदक उनके कार्यालय एक हैसियत प्रमाणपत्र की जानकारी लेने आए और उन्होंने वहां एक क्यूआर कोड में पांच हजार रुपए जमा करने को कहा, जो कि बरेली जनकल्याण समिति का अकाउंट है और समिति के अध्यक्ष जिलाधिकारी हैं। यह भी बताया है कि इस संस्था में जनपद के प्रतिष्ठित व्यक्ति भी सदस्य हैं।
स्टेनो ने कहा है, चार अन्य लोग अवधेश के साथ आए और उन्होंने वीडियो बनाकर धमकाया कि 15 हजार रुपए दो, नहीं तो सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करके बदनाम कर देंगे।
ADME के स्टेनो कक्ष में मौजूद वह क्यूआर कोड, जिसमें धनराशि ट्रांसफर करने को कहा गया।
क्यूआर कोड स्कैन करने पर बरेली जन कल्याण समिति लिखा आ रहा है।
स्टेनो ने यह भी कहा है कि वीडियो पब्लिश भी दी गई और अगले दिन पांचों न्यूज यूट्यूबर पत्रकार आए और 15 हजार रुपए रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद स्टेनो ने पेशकार की मौजूदगी में दस हजार रुपए दे दिए और बाद में वीडियो डिलीट कर दी गई। इस आधार पर पुलिस ने पांच पत्रकारों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। इनमें एक पत्रकार अमल सैनी, जो एफआईआर में मुख्य आरोपी बनाया गया, वह स्टेनो की एफआईआर दर्ज होने के पहले ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। स्टेनो की एफआईआर में क्या लिखा है, आप पढ़ सकते हैं-
FIR by steno of ADME Bareilly
अब कुछ अन्य तथ्यों पर आते हैं। जिस 22 सितंबर की घटना का जिक्र स्टेनो ने किया है, उसी दिन अवधेश कुमार ने जिलाधिकारी से लिखित शिकायत की थी, जिसकी रिसीविंग भी उन्होंने डीएम ऑफिस से ली। इस शिकायत में कहा गया था कि एडीएम प्रशासन के स्टेनो के कार्यालय के बाहर एक क्यूआर कोड से पांच हजार रुपए जमा करने को कहा जा रहा है। इस संबंध में हमने सरकारी आदेश की जानकारी मांगी तो हमें स्पष्ट कुछ भी नहीं बताया गया। अवधेश ने शिकायत में अवैध धनराशि वसूले जाने की आशंका जताकर मामले की जांच कराने की मांग की। (FIR against five journalists)
अवधेश कुमार द्वारा डीएम से की गई शिकायत की रिसीविंग

इस शिकायती पत्र के साथ अवधेश ने कुछ डिजिटल न्यूज पब्लिशर पत्रकारों के माइक पर बयान दिया। यह शिकायती पत्र उसी दिन एएनबी न्यूज चैनल के एक्स अकाउंट पर पोस्ट हुआ, जो आज भी एएनबी के हैंडल पर मौजूद है। अवधेश के बारे में एक जानकारी यह भी है कि अवधेश बरेली कॉलेज से पत्रकारिता का डिप्लोमा कर चुके हैं और कुछ पत्रकारों से जान पहचान भी है, स्वतंत्र पत्रकारिता भी करते है। उनके पिता सुंदरलाल ने ठेकेदारी लाइसेंसिंग प्रक्रिया के लिए हैसियत प्रमाणपत्र का आवेदन किया था, जिसके बाद यह घटनाक्रम सामने आया।
इस मामले में दर्ज एफआईआर में इंडस न्यूज टीवी के विशेष संवाददाता संतोष शाक्य का भी नाम है। मैकेनिकल इंजीनियरिंग से बीटेक संतोष शाक्य लंबे समय से स्वतंत्र लेखन और पत्रकारिता कर रहे हैं। बीते लगभग तीन साल से इंडस न्यूज टीवी के साथ जुड़े हैं। (FIR against five journalists)
इंडस न्यूज ने अपनी पड़ताल की। इसके तहत एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह को 26 सितंबर को कॉल की लेकिन कॉल पिक नहीं हुई। एडीएम प्रशासन को तीन सवालों के आधार पर वर्जन वाट्सएप मैसेंजर से मांगा, उसके जवाब भी फिलहाल तक नहीं आए हैं। इसी के साथ एडीएम प्रशासन के स्टेनो संजीव कुमार कश्यप से बात की और वाट्सएप मैसेंजर में कुछ सवालों के जवाब चाहे पक्ष रखने की तौर पर। बाद में संजीव कश्यप ने भी कॉल पिक नहीं की और न ही कोई वाट्सएप पर दिया।

 

WhatsApp message to ADME Poornima Singh
WhatsApp message to ADME Steno Sanjeev Kumar Kashyap

इस संबंध में संतोष शाक्य से भी इंडस न्यूज टीवी की जांच टीम ने पूछताछ की और उसको इलेक्ट्रानिक रिकॉर्ड के तौर पर सुरक्षित किया। संतोष शाक्य का पूरा बयान क्या है यह हम हूबहू साझा करने का प्रयास रहे हैं-

”रिपोर्टिंग से जुड़े अधिकांश पत्रकार रोजाना कलेक्ट्रेट गेट के पास पहुंचते हैं, 22 सितंबर को भी ऐसा हुआ। मेरा रोज इलेक्ट्रिक सिटी बस से आना जाना होता है, मैं भी पहुंचा। मेरे पास रोजाना के टिकट मौजूद हैं आने जाने के। 22 सितंबर को अवधेश, जिन्होंने बरेली कॉलेज से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है, उन्होंने सूचना दी कि मुझसे हैसियत प्रमाणपत्र जारी करने के लिए एडीएम प्रशासन के स्टेनो कार्यालय पर क्यूआर कोड के जरिए पांच हजार रुपए मांगे जा रहे हैं। अवधेश ने वहां मौजूद पत्रकारों को बताया कि उन्होंने लिखित शिकायत कर दी है डीएम से और कार्यालय से रिसीविंग भी ली है। इसके बाद अवधेश ने वहां मौजूद कुछ पत्रकारों को कैमरे पर पूरी बात बताई। इसके बाद पत्रकारों ने विमर्श किया और क्यूआर कोड से अवैध वसूली की आशंका में एसपी विजिलेंस को कॉल लगाई, फोन नहीं लगा, फिर सीओ विजिलेंस के सीयूजी नंबर पर कॉल की, जिसे किसी महिला ने पिक किया और उन महिला ने बताया कि एसपी विजिलेंस कार्यालय में मौजूद हैं, आप लोग आ जाएं। यह बातचीत ऑडियो कॉल रिकॉर्ड में मौजूद है।
सभी पत्रकार वहां पहुंचे और एसपी विजिलेंस से मिले, उन्होंने सबका परिचय लिया, उनके चैनल और अखबारों में नाम पूछे। साथ ही पूरा माजरा सुना। एसपी विजिलेंस ने पत्रकारों से कहा कि हम लोग गजेटेड अधिकारी से नीचे के कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं करते, बेहतर हो आप लोग एंटी करप्शन सेल जाएं। पत्रकार वहां से पुलिस लाइन स्थित एंटी करप्शन सेल पहुंचे, जहां उनसे कहा गया कि मामला ऑनलाइन लेनदेन का है, अगर नकदी का होता तो हम पैसे देकर रंगे हाथ पकड़ लेते। उन्होंने वहां से सलाह दी कि इस मामले की शिकायत डीएम से कर दो, वह जांच करा लेंगे। मामला घूमकर वहीं पहुंच गया। डीएम से शिकायत तो पहले ही की जा चुकी थी।” (FIR against five journalists)
संतोष शाक्य ने आगे कहा-
”इसके बाद हम लोग स्टेनो संजीव कुमार कश्यप के पास पहुंचे, जिससे उनका पक्ष जान सकें और अपने सवाल उनसे पूछ सकें। हमने ऐसा किया भी और कुछ विजुअल्स भी बनाए, जो कि हमारे रिपोर्टिंग कार्य का हिस्सा है। उन विजुअल्स में स्टेनो संजीव कश्यप कह रहे हैं कि हमें फंसाया जा रहा है, यह क्यूआर तो नाजिर ने लगवाया है। फिर संजीव कश्यप पत्रकारों को नाजिर के पास भी ले गए। नाजिर ने कहा कि हमने नहीं लगवाया है, यह तो एडीएम मैडम के आदेश पर लगा है। इसके बाद सब खबर लगाने की चर्चा करते हैं और कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंचे, जहां अक्सर मिलने वाले एलआईयू के कांस्टेबल या दारोगा अमित पत्रकारों की बात सुनकर खबर न लगाने को कहते हैं, कि इससे संजीव कश्यप निलंबित हो जाएंगे बगैरा, वह अवधेश का काम बिना किसी पैसे के करा देने को कहते हैं। ऐसा होता भी है, वह स्टेनो को कॉल करते हैं और अवधेश को प्रमाणपत्र मिल भी गया।” (FIR against five journalists)
इसके बाद संतोष ने बताया-
”तब तक यह सूचना तमाम अन्य पत्रकारों तक भी पहुंच चुकी थी। खबर रोकने के लिए तरह-तरह की सिफारिशें भी आती हैं, जिसमें कुछ पत्रकारों ने ही सिफारिश की। मैंने इंडस न्यूज टीवी पर कोई खबर पब्लिश नहीं की, डिलीट करने का तो सवाल ही नहीं। लेकिन एक पत्रकार मनोज गौतम ने शायद पब्लिश कर दी थी, जिसे पत्रकार मित्रों के कहने पर उन्होंने हटा दिया।”
संतोष ने इंडस न्यूज टीवी की आंतरिक जांच और पूछताछ में यह भी बताया-
”एएनबी न्यूज के पत्रकार अमल सैनी पूरे दिन के इस घटनाक्रम में नहीं थे, उन्हें वाट्सएप के जरिए अवधेश का प्रार्थनापत्र मिला था, जो एनएनबी ने एक्स पर पोस्ट किया और अमल ने खुद या किसी अन्य से डीएम ने ग्रुप पर इसे शेयर की। इस ग्रुप पर मैं नहीं हूं, इसलिए यह कहना मुश्किल है कि किसने शेयर किया, लेकिन एक्स पर यह पत्र अभी भी मौजूद है।”
Screenshot of ANB news X Handle
Screenshot of ANB news X Handle
संतोष ने कहा कि मैं अगले दिन यानी 23 सितंबर को स्टेनो के पास नहीं गया। मैंने सोचा अवधेश को प्रमाणपत्र मिल ही गया है और खबर लगाने को सब मना ही कर रहे हैं तो मैंने उस पर कोई अतिरिक्त न्यूज वर्क नहीं किया और न ही पब्लिश किया, न कुछ डिलीट किया इंडस न्यूज के किसी प्लेटफॉर्म से। फिर भी इस तरह का आरोप है, तो एसपी विजिलेंस कार्यालय, एंटी करप्शन कार्यालय, कलेक्ट्रेट गेट से लेकर स्टेनो कार्यालय, नजारत, सभी जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। 22 सितंबर और 23 सितंबर की फुटेज जांच के लिए संरक्षित की जाएं।
इंडस न्यूज टीवी के संपादक आशीष सक्सेना ने आंतरिक पड़ताल और तथ्य जुटाने के साथ 26 सितंबर को बरेली के डीएम और एसएसपी को ईमेल के माध्यम से और और वाट्सएप मैसेंजर में पत्र लिखा और सभी तथ्यों की बारीकी से जांच करके उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। इसी के साथ यह पत्र केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्रालय से मान्यताप्राप्त सेल्फ रेगुलेटरी बॉडी डिजीपब न्यूज इंडिया फाउंडेशन को भी भेजा और आवश्यक हस्तक्षेप की दरख्वास्त की। इंडस न्यूज टीवी इस रेगुलेटरी बॉडी का अपनी स्थापना के कुछ समय बाद से ही सदस्य है, जिसमें देश के 100 से ज्यादा डिजिटल न्यूज पब्लिशर सदस्य हैं। (FIR against five journalists)
संपादक आशीष सक्सेना ने कहा, तथ्यों और जांच के बिना कोई दोषी या निर्दाेष नहीं है। आरोप और स्वीकारोक्ति इस प्रकरण में स्पष्ट हैं, जिनको सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से परखना भर है। आवेदक अवधेश के प्रार्थनापत्र पर कार्रवाई और 10 हजार रुपए देने के बाद कोई वीडियो डिलीट होने की स्वीकारोक्ति जांच के लिए प्राथमिक कदम बनते हैं, जबकि विजिलेंस, एंटी करप्शन, एलआईयू के अधिकारी और वहां के सीसीटीवी फुटेज यह स्पष्ट कर सकते हैं कि वाकई में क्या हुआ। हमें उम्मीद है कि डीएम और एसएसपी प्रकरण पर उचित कदम उठाएंगे।

बहरहाल, इस पूरे प्रकरण से कुछ सवाल निकलते हैं-

1- अवधेश कुमार की शिकायत पर अब तक क्या जांच हुई? बरेली जन कल्याण समिति क्या है? ऐसी किसी समिति के लिए कोई शासनादेश हुआ और राजस्व परिषद ने प्रमाणपत्रों के शुल्क की कोई नई व्यवस्था बनाई है? इसका संचालन कौन करता है? इसका उद्​देश्य क्या है और प्रमाणपत्रों को जारी करने से पहले इसमें आवेदक से धनराशि ट्रांसफर कराने का आदेश किसका है? जनपद के वे प्रतिष्ठित व्यक्ति कौन हैं, जिनका उल्लेख एफआईआर में किया गया है। अब तक इस समिति के अकाउंट में कितना धन आया और कहां खर्च हुआ?
2- सबसे अहम बात जो एफआईआर में स्टेनो संजीव कश्यप की ओर से कही गई है कि 10 हजार रुपए देने के बाद वीडियो डिलीट कर दी गई। क्या था उस वीडियो में, जिसकी वजह से स्टेनो ने दिन के उजाले में, पुलिस के सख्त पहले वाले और अधिकारियों की छत्रछाया वाले परिसर में 10 हजार रुपए पेशकार की मौजूदगी में दिए?
3- एफआईआर देरी से दर्ज होने का कारण क्या था? क्या इससे पहले स्टेनो ने अपने अधिकारी या पुलिस को कोई सूचना दी?
4- स्टेनो की एफआईआर में अमल सैनी प्रमुख आरोपी है, स्टेनो के अनुसार, वह दोनों दिन स्टेनो से मिला। पहले दिन रंगदारी मांगने के लिए और दूसरे दिन रंगदारी वसूलने के लिए। इसको भी सीसीटीवी रिकॉर्ड से जांचा जाना चाहिए, क्योंकि संतोष शाक्य का दावा है कि 22 सितंबर के घटनाक्रम में अमल सैनी की मौजूदगी नहीं थी। 24 सितंबर को अमल की अन्य मामले में गिरफ्तारी हो गई थी।
5- संतोष शाक्य का दावा यह भी है कि 23 सितंबर को वह स्टेनो के पास नहीं गए। जबकि स्टेनो का एफआईआर में दावा है कि पांचों आरोपी अगले दिन आए और उन्होंने 10 हजार रुपए दिए। सीसीटीवी से यह भी स्पष्ट हो सकता है कि कौन कौन आया और कथित रंगदारी के पैसे किसे दिए, व्यक्तिगत रूप से दिए या सरकारी धन था, ऑनलाइन दिए या कैश?

यहां बता दें, एएनबी न्यूज के पत्रकार अमल सैनी को केंद्र में रखते हुए लगातार तीन एफआईआर दर्ज हुई हैं। पहले 24 सितंबर को एफआईआर और गिरफ्तारी हुई। आरोप था कि उन्होंने एक अन्य व्यक्ति शोएब के साथ मिलकर पारिवारिक विवाद से जूझ रही महिला को एसएसपी दफ्तर के बाहर आत्मदाह के लिए उकसाया और महिला के ससुर से छह हजार रुपए वसूलने के साथ ही 50 हजार रुपए रंगदारी मांगी। इस एफआईआर में भी अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं और सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने रात में वीडियो बयान जारी करके कहा कि अमल की गैंग में और कौन है, उसकी छानबीन की जा रही है।
बहरहाल, महिला ने आत्मदाह की कोशिश के पहले क्या मांग की थी पुलिस से और अभी क्या राहत मिली है, यह स्थानीय समाचारपत्रों में स्पष्ट नहीं हुई। अमल के जेल जाने के बाद स्टेनो द्वारा कराई एफआईआर में अमल को प्रमुख आरोपी बनाया गया और उसके अगले दिन टीएसअाई की शिकायत पर एक और एफआईआर दर्ज की गई है, प्रमुख आरोपी अमल के अलावा तीन अज्ञात आरोपी हैं। टीएसआई का आरोप है कि अमल और उसके साथियों ने उसे यातायात व्यवस्था में झोल, लापरवाही के एआई से बने फोटो डालकर ब्लैकमेल किया।

 

Related Articles

Recent