बरेली: SOG पर घर से पति, देवर को उठाने का आरोप, न्याय की गुहार लेकर SSP ऑफिस पहुंची रजनी मौर्य
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के रहुपुरा करीम बक्स गांव निवासी एक महिला रजनी मौर्य ने एसओजी पुलिस पर उसके परिवार के लोगों को उठाकर ले जाने, मारपीट करने और घर से नकदी व जेवरात ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, प्रार्थिनी रजनी मौर्य पत्नी सोमवीर ने आरोप लगाया कि 13 मई 2026 को एसओजी पुलिस उसके पति सोमवीर, प्रेमपाल तथा ससुर कृष्णपाल को बहाने से घर से उठाकर ले गई। महिला का आरोप है कि इस दौरान घर से करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद भी साथ ले जाए गए।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई तथा 14 मई को उसके भाई आकाश मौर्य को भी नवाबगंज क्षेत्र से उठाकर ले जाया गया। प्रार्थिनी का कहना है कि परिवार को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है और उन्हें आशंका है कि परिवार के लोगों को किसी झूठे आपराधिक मामले में फंसाया जा सकता है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि परिवार के किसी भी सदस्य के खिलाफ अब तक किसी थाने में मुकदमा दर्ज नहीं है। महिला ने एसएसपी से मामले की गंभीरता से जांच कराकर परिवार के लोगों को कथित अवैध हिरासत से मुक्त कराने तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर जब भोजीपुरा थाना पुलिस से बातचीत की गई तो थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को थाने में रखा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं इस संबंध में बरेली के एसएसपी से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया। एसएसपी के मोबाइल नंबर पर कॉल रिसीव करने वाले उनके पीआरओ ने मामले की पूरी जानकारी ली और कहा कि मामले के संबंध में आगे जानकारी कराई जा रही है।