साल 2017 के बाद से उत्तरप्रदेश की माली हालत लगातार अच्छी हो रही है और प्रति व्यक्ति आय में काफी इजाफा हुआ है। यह कहना है उत्तरप्रदेश की योगी सरकार के वित्तमंत्री व शाहजहांपुर के विधायक सुरेश खन्ना का। हालांकि, उत्तरप्रदेश की वित्तीय हालत पर इंडस न्यूज के सवाल पर पहले वह बिदक गए और उल्टा पत्रकार से ही जनरल नॉलेज के सवाल करके बात को उलझाने की कोशिश करने लगे। यही नहीं, बात का जवाब देने की जगह बार-बार माइक हटाने लगे, जिससे ऑफ द रिकॉर्ड अपनी बात कहते रहें। अलबत्ता, माइक हटाने के बाद भी उनकी बात ऑफलाइन रिकॉर्ड हाे गई। जिसे उस वक्त वहां मौजूद रहे लाेगों ने भी सुना था। (Finance Minister Suresh Khanna)
वित्तमंत्री सुरेश खन्ना दरअसल 13 अगस्त को शाहजहांपुर के गांधी उद्यान सभागार में आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे थे। मंच पर उन्होंने कई विभागों के कर्मचारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ प्रतिष्ठित समाचारपत्रों के जिला संवाददाताओं को भी सम्मानित किया। उन संवाददाताओं ने मंच पर ही वित्तमंत्री के चरण स्पर्श कर किए।
इंडस न्यूज की टीम ने इस कार्यक्रम की लाइव कवरेज करने के बाद वित्तमंत्री से बातचीत करने की कोशिश की, जो कि उनकी रवानगी के वक्त हुई। पहले तो वित्तमंत्री ने कहा कि क्या पूछना है। जब उनसे सवाल किया गया कि प्रदेश की मौजूदा स्थिति क्या है, तो उनको अजीबोगरीब अंदाज में माइक हटाते हुए कहा कि आप बताइए कि जीएसडीपी क्या है, आपको एबीसीडी पता नहीं है और सवाल कर रहे हैं। (Finance Minister Suresh Khanna)

पत्रकार के यह कहने पर कि सवाल का यह जवाब तो नहीं है, यहां कंपटीशन देने नहीं आए हैं, जो आप इस तरह की बात कर रहे हैं, तो वह फिर जिरह करने लगे। हॉल के बाद भीड़ के बीच हो रही इस जिरह के दर्शक भी आ जुटे। पत्रकार के दूसरे सवाल पर आकर उनका लहजा बदला, जब पूछा गया कि प्रदेश में प्रेस फ्रीडम कितनी है।
जवाब में उन्होंने कहा कि बहुत ज्यादा आजादी है प्रेस को, किसी के भी खिलाफ कुछ भी छाप देते हैं। पत्रकार ने जब कहा कि जब इतनी आजादी है तो सवाल क्यों नहीं करने दे रहे आप। सवाल हमें करना है और कर आप रहे हैं, इसके बाद उन्होंने प्रदेश की वित्तीय स्थिति के बारे में सामान्य बात रखी कि 2017 के बाद से हर लिहाज से हमारी आमदनी बढ़ी है, प्रतिव्यक्ति आय बढ़ी है। (Finance Minister Suresh Khanna)
जिरह हाेने के चलते उनसे जब पूछा गया कि राजनीति में आने से पहले वकालत के पेशे का क्या तालमेल है! जिसका जवाब उन्होंने शायरी के अंदाज में दिया।
इस पूरी बातचीत को वीडियो में सुना जा सकता है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गई है, जिस पर दिलचस्प कमेंट किए जा रहे हैंं, आप भी देखें और कमेंट करें।


