बरेली: कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। हमले में शहीद हुए निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि देने और आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित करने के उद्देश्य से इंटेलेक्चुअल सोशल वेलफेयर एसोसिएशन (इस्वा) द्वारा एक भव्य कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। ये कैंडल मार्च गांधी उद्यान पार्क से शुरू होकर चौकी चौराहे तक पहुंचे इस मार्च में सैकड़ों की संख्या में इस्वा के पदाधिकारी, मसीह समाज के सदस्य और विभिन्न धर्मों व समुदायों के नागरिक शामिल हुए।

कैंडल मार्च के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत नारे “भारत माता की जय”, “आतंकवाद मुर्दाबाद” गूंजते रहे और माहौल पूरी तरह आतंकवाद के खिलाफ आक्रोश से भर गया। इस कार्यक्रम में आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने और इसके पीछे के संरक्षक देशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई।
इस्वा के फाउंडर प्रेसिडेंट और सपा नेता डॉ. अनीस बेग ने बेहद भावुक स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, अगर आतंकवादियों ने नाम पूछकर गोली मारी है, तो यह साफ़ है कि वे हम लोगों को हिंदू-मुस्लिम के नाम पर बांटना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि नजाकत शाह जो एक मुस्लिम है उसने अपनी बहादुरी से 11 लोगों की जान बचाई। जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बगैर लोगों की जान बचाने निकल पड़ा। ये सब आपसे में लड़ाने की गहरी साजिश है ,लेकिन क्या हम उन्हें उनके मकसद में कामयाब होने देंगे? बिल्कुल नहीं! हमें एकजुट होकर, भाईचारे से, इस नफ़रत का जवाब देना होगा। यह लड़ाई अब केवल आतंक के खिलाफ नहीं, बल्कि हमारे देश की आत्मा को बचाने की है
सपा नेता डॉ. अनीस बेग के यह भावुक विचार लोगों के दिलों को छू गए और पूरे मार्च में उनके विचारों की गूंज सुनाई देती रही। उन्होंने कहा कि इस कायराना हरकत से हर भारतीय का दिल दहला है और अब वक़्त आ गया है कि आतंक का खात्मा हो हमेशा के लिए।
इस्वा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अय्यूब अंसारी ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कहा, सरकार को अब सबसे कठोर कदम उठाने होंगे। आतंकवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही का समय आ गया है।”
पूर्व अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद फाजिल ने कहा,आतंकियों का कोई मजहब नहीं होता। उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। आज सभी धर्मों के लोग एकसाथ इस मार्च में शामिल होकर यह दिखा रहे हैं कि हमारी एकता ही हमारी असली ताक़त है।
डॉ. एस.ई. हुदा ने भावुक होकर कहा कि इस त्रासदी ने हर हिंदुस्तानी को झकझोर दिया है और अब दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पाकिस्तान जैसे आतंकी समर्थक देशों के खिलाफ सख्त अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की मांग की।
इस विशाल कैंडल मार्च में डॉ. आफताब अंसारी, डॉ. इरफान खान, डॉ. अनसार अंसारी, डॉ. फिरासत हुसैन, डॉ. परवेज, डॉ. चिश्ती, फसाहत नूर खान,शाहिद नियाजी, बिलाल बेग , तरुण जोसेफ,डॉ. आमिर, डॉ.अकील, डॉ. फैज चिश्ती सहित इस्वा के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
यह मार्च न सिर्फ शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि था, बल्कि एकता, शांति और राष्ट्र की अखंडता के लिए एक बुलंद आवाज़ भी थी जिसकी अगुवाई पूरे जोश के साथ सपा नेता डॉ. अनीस बेग ने की।


