बरेली: 122 विधानसभा फरीदपुर में समाजवादी पार्टी से संभावित प्रत्याशी विजेंद्र पाल माथुर (धोबी) के नेतृत्व में शनिवार को स्वजन सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व IAS अधिकारी चिंतामणि दिवाकर शामिल हुए। सभा में बड़ी संख्या में दिवाकर, माथुर और धोबी समाज के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं ने संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी (SP ‘Swajan Sabha’ in Faridpur)

रिपोर्ट: राजीव कुमार यादव
मुख्य अतिथि चिंतामणि दिवाकर ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा समय में संविधान की भावना के अनुरूप पिछड़ों और दलितों को उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और संविधान के संरक्षण को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए। दिवाकर ने कहा कि प्रदेश और देश में बेरोजगारी बढ़ रही है और महिलाओं तथा बेटियों की सुरक्षा एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और नीयत के चलते पिछड़े एवं दलित वर्गों के कल्याण के लिए संविधान में किए गए प्रावधानों का पूरी तरह लाभ नहीं मिल पा रहा है।

कार्यक्रम में बरेली के सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि 122 विधानसभा फरीदपुर में जिस गति से विकास होना चाहिए था, उस गति से भाजपा सरकार में विकास नहीं हो पाया। उन्होंने क्षेत्र में बेरोजगारी, छुट्टा पशुओं की समस्या और किसानों को गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिलने जैसे मुद्दे उठाए। शुभलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बेरोजगारी और छुट्टा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी।उन्होंने कहा कि फरीदपुर विधानसभा विकास के मामले में पिछड़ गई है। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बरेली जिले के विकास की प्राथमिकताओं में फरीदपुर विधानसभा को सबसे आगे रखा जाएगा (SP ‘Swajan Sabha’ in Faridpur)

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाजवादी पार्टी का जनाधार मजबूत हुआ है। माथुर एवं धोबी समाज के लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी को उन्होंने संगठन के लिए सकारात्मक संकेत बताया। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी फरीदपुर सीट पर बड़े अंतर से जीत हासिल करेगी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सपा सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल शरद शरण मौजूद रहे। इसके अलावा जिला महासचिव राजकुमार पाल, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष संजय शास्त्री, अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र सोनकर, करण सिंह यादव, सत्येंद्र सिंह गुड्डू सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजक विजेंद्र पाल माथुर ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।


