Indus News TV Live

Monday, November 23, 2026
spot_img

पब्लिक में कन्फ्यूजन: बरेली में किस पुलिस अधिकारी को कहें ‘सिंघम’

आपको हैरानी होगी कि कुछ टर्म सिर्फ पत्रकारों की देन हैं, खासतौर पर हिंदी भाषा के पत्रकारों की। जैसे किसी पुलिस अधिकारी को सिंघम या एनकाउंटर स्पेशलिस्ट कहना। ऐसा वे अपने मनमाफिक अधिकारी की चाटुकारिता के लिए या फिर उनसे नजदीकी बनाने के लिए करते हैं, भले ही उनका पेट निकला हुआ हो या फिर सालभर में एक भी फायर अपने हाथ से न किया हो।
अजीब बात तो यह है कि अक्सर पत्रकार किसी आईपीएस को ‘सिंघम’ लिखते हैं और महिला अधिकारी को ‘लेडी सिंघम’ लिखते हैं। जबकि दक्षिण भारत की रीमेक हिंदी फिल्म सिंघम में इंस्पेक्टर बाजीराव सिंघम गांव में मौजूद एक पुलिस चौकी जैसी हालत वाले थाने का इंचार्ज होता है। आईपीएस तो वो था, जिसने सिंघम समेत सभी पुलिस वालों को छूट दी कि जाओ निपट लो माफिया जयकांत शिकरे से।
हिंदी बेल्ट के हर जिले में दो चार ‘सिंघम’ मिलना आम बात है। ऐसा करके पत्रकार नाकारा अफसरों का इकबाल बुलंद करने में मदद करते हैं और उनकी छवि का खौफ बनाकर आम लोगों में अपना जलवा बिखेरने का प्रयास करते हैं।
इसके लिए उनके साथ फोटो सोशल मीडिया पर डालना या फिर ‘सिंघमगिरी’ करते अफसर की रीलें बनाना बॉलीवुड के गानों पर जरूरी होता है। अफसर को भी खुशी मिलती है, कि फ्री में पीआर हो रहा है।

मजे की बात देखो, जिन अफसरों की तैनाती ‘सिंघम’ फिल्म आने से पहले तैनाती मिली, उनके पास यह ऑप्शन ही नहीं था कि कोई उन्हें सिंघम बताए। वो बेचारे सिंघम बनने से महरूम रह गए। अभी भी नौकरी में होंगे तो क्या पता पोस्टिंग और पोजीशन ही ऐसी न हो कि सिंघम का खिताब मिले।
पुलिसिंग में मैंने बरेली में अपनी पत्रकारिता के समय में सबसे पहले एसएसपी पीयूष मोर्डिया को देखा। यंग थे वो, कभी भी फोन करते तो जवाब मिलता और बयान मिलता। शहर के अंदर पुलिसिंग के दौरान भी कुछ पूछना अासान था। तब फेसबुक-वाट्सएप नहीं था, न अखबारों में अफसरों को मस्का लगाने का कोई रिवाज था।
इसके बाद कई कप्तान और पुलिस अधिकारियों से रिपोर्टिंग की वजह से संपर्क रहा। अंतिम तौर पर सीधे मुलाकात एसएसपी धर्मवीर सिंह से रही। सपा सरकार थी, लेकिन सपा नेता भी उनसे सिफारिश करने से बचते थे। उनको कठोर व्यवहार वाला माना जाता था। लेकिन, मेरी दो तीन बार की मुलाकात में मुझे ऐसा कुछ नहीं लगा। ज्यादा मुलाकात न होने की एक वजह यह थी कि मैं प्रशासन बीट का रिपोर्टर था।
एक बार हमारे साथी क्राइम रिपोर्टर अभिषेक जय मिश्रा ने कहा, ‘भैया कल पुलिस लाइन में मानवाधिकार विषय पर जोन के पुलिस अधिकारियों का डिबेट कंपटीशन है, वहां दो लोग जज बनेंगे, एक आप रहेंगे, मैंने नाम प्रपोज कर दिया है, सुबह की मीटिंग में आते समय आप यह काम निपटा देना।’
मैं गया, मेरे अलावा बरेली कॉलेज की टीचर डॉ.वंदना शर्मा भी जज बनीं, एसएसपी धर्मवीर सिंह खुद मौजूद थे।
IPS Dharamveer, during Moradabad posting
डिबेट के बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह ने जो कहा, वह बहुत महत्वपूर्ण बात थी।
”उन्होंने कहा कि थर्ड डिग्री देने का दौर खत्म हो चुका है, अपराध के अनावरण के लिए हमें आधुनिक तकनीक अपनाना चाहिए, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच बहुत अहम हैं अपराधी तक पहुंचने या क्राइम कंट्रोल और पेट्रोलिंग के लिए। हमारा लक्ष्य खुद दंडित करना नहीं है, बल्कि अपराध रोकना और अपराधी को पहचानकर कानूनी प्रक्रिया में ले जाना है। ऐसा होगा तो मानवाधिकार उल्लंघन का दाग कभी नहीं लगेगा।”
अभी मैं क्या देखता हूं, अधिकारी एक रटी-रटाई शैली में बोलते हैं और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करते हैं। पूरे बयान में यह भी बोलते हैं कि अपराधियों को दंडित किया जाएगा। काश, ये दोस्तोएवस्की का उपन्यास ‘अपराध और दंड’ पढ़े होते।
दस साल हो गए इस बात को, लेकिन संसाधन भरपूर होने के बावजूद पुलिस तमाम मामलों में अपने कामों में इस प्रणाली का प्रयोग नहीं करना चाहती या जहां मर्जी आए वहां करेगी, जहां मर्जी नहीं है, वहां नहीं करेगी, भले ही निर्दोष लोगों का जीवन तबाह हो जाए।

ऐसे कई मामले हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट में आए। बरेली में भी कई मामले कुछ अरसे पहले के ही हैं, जिनमें सीसीटीवी देखने भर से सच-झूठ का पर्दा उठ जाता, लेकिन करना नहीं था ऐसा, तो नहीं किया।
अब ऐसा हो गया कि जैसे हर आम आदमी इन कथित सिंघमों की नजर में माफिया जयकांत शिकरे है।
धर्मवीर सिंह के कार्यकाल में विवाद पैदा करने वाले हिंदू और मुस्लिम सांप्रदायिक मामलों में एक समान कार्रवाई करते मैंने देखा। सपा सरकार पर मुस्लिमपरस्त होने का इल्जाम लगता है, लेकिन मैंने कलेक्ट्रेट तक आ चुकी मुस्लिम भीड़ का खदेड़ते देखा और फिर उनके नेताओं को समझाते हुए भी। साध्वी प्राची अक्सर उल्टा पुल्टा बयान देतीं बरेली आकर, लेकिन धर्मवीर सिंह उनको पहले ही संदेश दे चुके थे और कोई तवज्जो नहीं देते।
बरेली से जाने के बाद वह आजमगढ़ के डीआईजी बने और यूपी पुलिस की अाधिकारिक वेबसाइट के हिसाब से इस समय ईस्ट पीएसी जोन के आईजी हैं। उन्हें कभी सिंघम नहीं कहा गया।
इसके बाद कई एसएसपी आए, जिनमें से एक से भी मेरी भेंट नहीं हुई। फिर भी खबरों के आधार पर कुछ घटनाओं ने उनकी छवि बनाई। जैसे, दो नामों की मैं चर्चा करुंगा। एक एसएसपी प्रभाकर चौधरी और दूसरे एसएसपी रोहित सजवाण।

प्रभाकर चौधरी ने शासन की मंशा से नहीं, संविधान की शपथ के अनुसार बवाल रोका और तुरंत तबादला हो गया। रोहित सजवाण की तो दाद देना होगी, उनकी सूझबूझ वाली पुलिसिंग न होती तो शहर में दंगा होने की पूरी आशंका थी।
वाकया याद होगा कुछ लोगों को, एक छोटी बच्ची रोड नंबर एक पर बेसुध हालत में एक टेलर की दुकान में मिली। मीडिया ने यह भी पर्दा डाला कि टेलर पुरुष था या महिला। बस इतना ही कहा कि मुस्लिम टेलर की दुकान में मिली।
इसके बाद शोर मच गया कि किसी मुसलमान ने दुष्कर्म के बाद उसे मरणासन्न हालत में फेंक दिया। इसके बाद मुस्लिम विरोधी गिरोह सक्रिय हो गए और सड़क पर धरना प्रदर्शन शुरू हो गया। एसएसपी सजवाण ने पुलिस जांच में कोई कसर बाकी नहीं रखी और दंगे जैसे हालात बनते देख बहुत कम समय में पर्दाफाश कर दिया।
आरोपी बच्ची का चाचा ही निकला, जो धरने में सबसे आगे बैठकर न्याय मांग रहा था। फिर किसी दल ने कोई मांग नहीं की, एजेंडा फेल हो गया, पूरा शहर बच गया, संविधान बच गया। लेकिन, इन कप्तानों को सिंघम नहीं कहा गया।
IPS Rohit Singh Sajwan
मीडिया में एक बीमारी और है, कोई भी नया कप्तान आए, उसे ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ की डिग्री थमा देते हैं, जैसे इसका कोई कोर्स किया हो उन्होंने। हर आईपीएस के खाते में नौकरी के कुछ समय बाद कुछ एनकाउंटर केस होते ही हैं। बरेली में डीआईजी रहे राजेश पांडे का तो तगड़ा रिकॉर्ड था, लेकिन न उन्हें सिंघम बनने का मौका मिला, स्पेशलिस्ट के खिताब से नवाजा गया।
बेहतरीन पुलिस अफसरों में दो नाम और याद आते हैं, आईजी रहे बद्री प्रसाद सिंह, जो आईटीबीपी भर्ती कांड के समय बेकाबू गुस्साए छात्रों के बीच पहुंच गए और उनको शांत किया, दूसरे आईजी रहे विजय सिंह मीणा, जो समाज में हाशिए पर मौजूद तबकों के प्रति खासे संवेदशनशील थे।
अभी मुझे अगर सिंघम खिताब देना ही हो तो डीआईजी मुनिराज जी का लुक, फिजिकल फिटनेस, मिजाज और कैलिवर को देखते हुए, उन्हें कहा जा सकता है। लेकिन, वे आईपीएस हैं, इसलिए किसी इंस्पेक्टर जैसा खिताब क्यों देना?

अंत में यही कहना है, वास्तविक पुलिस अधिकारी और फिल्मी सिंघम में अंतर बड़ा अंतर है। रील और रीयलिटी का फर्क। फिल्म में एक अधिकारी अकेले पूरे भ्रष्ट तंत्र को चुनौती देता है। जबकि, वास्तविक जीवन में पुलिस व्यवस्था इतनी सरल नहीं है।
एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी को संस्थागत सीमाओं के भीतर काम करना होता है, जैसे- संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत कानून के समक्ष समानता और अनुच्छेद 21 के तहत जीवन एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता का संरक्षण, आपराधिक प्रक्रिया में BNSS के तहत गिरफ्तारी, जांच, तलाशी और हिरासत के नियम, पुलिस प्रशासन में वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस मुख्यालय और विभागीय अनुशासन की व्यवस्था, न्यायिक निगरानी के तहत मजिस्ट्रेट और न्यायालय के समक्ष जवाबदेही, आरोपी का भी कानूनी और मानवीय अधिकार होता है।
पुलिस अधिनियम, 1861 की धारा 23 पुलिस अधिकारी को अपराध रोकने, अपराधियों का पता लगाने और उन्हें न्याय के सामने लाने का दायित्व देती है। जबकि सिंघम के किरदार में एक महत्वपूर्ण समस्या यह है कि कुछ परिस्थितियों में उसका व्यक्तिगत आक्रोश उसकी आधिकारिक भूमिका पर हावी दिखाई देता है। किसी पुलिस अधिकारी को यह अधिकार नहीं है कि वह अपराधी को अदालत की जगह खुद सजा दे। बीएनएसएस की धारा 35 गिरफ्तारी की परिस्थितियों और आवश्यकताओं को निर्धारित करती है। गिरफ्तारी केवल गुस्से, संदेह या व्यक्तिगत दुश्मनी के आधार पर नहीं की जा सकती।
बाजीराव सिंघम का सबसे अच्छा पहलू उसका साहस है, लेकिन उसकी सबसे बड़ी कमजोरी यह है कि फिल्म कई बार साहस और मनमानी के बीच का अंतर मिटा देती है, वास्तविक जिंदगी में यह खतरनाक है। समाज, संविधान और देश के लिए भी।
एक आदर्श पुलिस अधिकारी वह नहीं है जिससे अपराधी डरते हों। आदर्श अधिकारी वह है जिससे अपराधी इसलिए डरें क्योंकि उसे कानून का पूरा ज्ञान है, उसके पास मजबूत साक्ष्य हैं और उसे विश्वास है कि अपराध करने वाला व्यक्ति कानूनी प्रक्रिया से बच नहीं पाएगा। पुलिस की असली ताकत उसकी वर्दी, पिस्तौल या शारीरिक शक्ति नहीं, बल्कि उसकी वैधानिक शक्ति, निष्पक्षता और संस्थागत विश्वसनीयता है। अपराधियों के खिलाफ कठोर होना पुलिस अधिकारी का गुण हो सकता है, लेकिन हिंसक होना उसकी योग्यता का प्रमाण नहीं है।

सिंघम जैसा साहस भारतीय पुलिस को चाहिए, लेकिन सिंघम जैसी मनमानी नहीं। पुलिस अधिकारी को अपराधियों से लड़ना चाहिए, कानून से नहीं। क्योंकि जिस दिन कानून का रक्षक ही कानून तोड़ने लगेगा, उस दिन अपराधी और पुलिस अधिकारी के बीच नैतिक अंतर कमजोर पड़ने लगेगा।

(पुलिसिंग और पत्रकारिता पर यह टिप्पणी दो दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहे इंडस न्यूज टीवी के संपादक आशीष सक्सेना ने लिखी है, जो उनके कार्यकाल के बीच घटी घटनाओं पर आधारित संस्मरण का हिस्सा है। इसका किसी से व्यक्तिगत संबंध नहीं है)

यह भी पढ़ें: बरेली पुलिस का Catch-22: कलेक्ट्रेट में ‘वसूली Vs रंगदारी’ केस में कौन पाक-साफ, किसका पर्दाफाश, 10 दिसंबर को हाईकोर्ट करेगा फैसला

यह भी पढ़ें: पांचों पत्रकारों की प्रोफाइल, जिन पर दिनदहाड़े बरेली कलेक्ट्रेट के अंदर रंगदारी मांगने और वसूलने की FIR दर्ज हुई

यह भी पढ़ें: Killing The Messenger: बरेली में 5 पत्रकारों पर FIR की पड़ताल: Read & Watch Facts

यह भी पढ़ें: बरेली कलेक्ट्रेट में रंगदारी: QR कोड से 5000 की शिकायत से 10000 में निपटारे और 5 पत्रकारों पर FIR की पूरी कहानी के असली सबूत क्या हैं?


(आप हमें फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, ट्विटर पर फॉलो कर सकते हैं।)
Related Articles

Recent