Indus News TV Live

Wednesday, November 25, 2026
spot_img

SSP अनुराग आर्य के दौर में बरेली पुलिस की यह कहानी दिलचस्प है, 25 नवंबर को स्पेशल कोर्ट में सुनवाई

पुलिस ने अपने ही एक इंस्पेक्टर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। थाने में छापा पड़ा, नोटों की गड्डियां मिलने का दावा हुआ, एसएसपी ने मीडिया के सामने बरामद रकम बताई और इंस्पेक्टर के दीवार फांदकर भागने की कहानी सुर्खियां बन गई। लेकिन एफआईआर में बरामद रकम का आंकड़ा एसएसपी के बयान से अलग निकला। मामला अदालत पहुंचा तो जमानत आदेश में बरामदगी और विवेचना से जुड़े ऐसे तथ्य दर्ज हुए, जिन्होंने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर ही सवाल खड़े कर दिए। दिलचस्प यह कि जमानत के बाद वही इंस्पेक्टर बहाल हुआ और बरेली की क्राइम ब्रांच इन्वेस्टिगेशन विंग में तैनात भी किया गया। अब मुकदमा साक्ष्य के चरण में है और 25 नवंबर को अगली सुनवाई होनी है। एक ही कप्तान के कार्यकाल में शुरू हुए इस पूरे घटनाक्रम में सवाल सिर्फ इंस्पेक्टर रामसेवक पर लगे आरोपों का नहीं, पुलिस की कार्रवाई, विवेचना और प्रशासनिक फैसलों का भी है।
जून 2024 के अंतिम सप्ताह में आईपीएस अनुराग आर्य ने बरेली में एसएसपी का चार्ज लिया था। लगभग दो महीने के बाद, अगस्त 2024 में बरेली पुलिस ने सुर्खियां बटोरीं, क्योंकि पुलिस ने पुलिस पर कार्रवाई की। एसएसपी ने खुद इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में पेश किया।
एफआईआर से लेकर हाईकोर्ट, जमानत, बहाली और तैनाती तक कई घटनाक्रम हुए। लेकिन पुलिस की शुरुआती कहानी और अदालत के रिकॉर्ड में दर्ज तथ्यों के बीच कुछ ऐसे अंतर और सवाल हैं, जिनको जानना दिलचस्प है।
इंस्पेक्टर रामसेवक की जमानत के बाद स्थानीय मीडिया ने कोई नया फॉलोअप नहीं दिया। बाद में अलग-अलग समय पर दो खबरें संक्षिप्त तौर पर प्रकाशित हुईं, एक तब, जब इंस्पेक्टर रामसेवक को क्राइम ब्रांच इन्वेस्टिगेशन विंग में तैनाती मिली और दूसरी तब, जब रामसेवक का तबादला बदायूं हुआ। हालांकि, इन खबरों में फरीदपुर केस के बारे में कुछ नहीं बताया गया। इसलिए, पहले पूरे किस्से को रिफ्रेश कर लेते हैं, जिससे सबकुछ रिकॉल हो जाए।

मामला 22 अगस्त 2024 का है। फरीदपुर के तत्कालीन सीओ गौरव सिंह की ओर से दर्ज एफआईआर संख्या 0633/2024 के मुताबिक, उन्हें गोपनीय सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी में कथित रूप से शामिल दो लोगों को कार्रवाई किए बिना छोड़ने के एवज में थाना प्रभारी द्वारा सात लाख रुपए रिश्वत ली जा रही है। एफआईआर में रकम को गुलाबी पन्नी में रखे जाने की सूचना का भी उल्लेख है।
एफआईआर के अनुसार, क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह सरकारी वाहन संख्या UP-32,BG 7545 से चालक और पुलिसकर्मियों- कांस्टेबल 3861 गौतम सिंह, 3438 सद्दाम और 2881 दीपक के साथ फरीदपुर थाने पहुंचे। आरोप है कि जैसे ही क्षेत्राधिकारी तत्कालीन थाना प्रभारी रामसेवक के कार्यालय पहुंचे, इंस्पेक्टर रामसेवक को भनक लग गई और वह एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां से फरार हो गए।
यह खबर सनसनीखेज बन गई। टॉप हेडलाइंस बनी। खबरें छपीं- थाने में लाखों की रिश्वत लेने वाला इंस्पेक्टर दीवार फांदकर फरार। यह बात पुलिस अधिकारियों की मीडिया ब्रीफिंग या सामान्य चर्चा में कही गईं तो कोई तो वजह होगी ही। किसी पुलिसकर्मी ने दीवार फांदते देखा होगा, कोई वीडियो या स्वतंत्र साक्ष्य होगा या यह विवरण मीडिया के सामने पुलिस की ओर से ऐसे ही जोड़ा गया। इस बारे में पुलिस अफसर ही बेहतर जानते होंगे।

बरामदगी का आंकड़ा: एफआईआर कुछ कहती है, एसएसपी का मीडिया बयान कुछ और?

एफआईआर के मुताबिक, थाना प्रभारी के कार्यालय के पीछे मौजूद कमरे की तलाशी में एक मेज पर गद्दे या कुशन के नीचे गुलाबी पन्नी में रखे 500-500 रुपए के कुल 1400 नोट मिले। इनकी कुल रकम सात लाख रुपए बताई गई। इसी कमरे में एक स्लेटी रंग के वीआईपी ब्रीफकेस से भी नकदी मिलने का उल्लेख है। गुलाबी पन्नी के सात लाख रुपये मिलाकर एफआईआर में कुल बरामद रकम 9,84,900 रुपए दर्ज है। जबकि एसएसपी अनुराग आर्य ने ने मीडिया को बयान देकर बरामद रकम 9 लाख 96 हजार रुपए बताई थी। यानी एफआईआर के कुल योग और मीडिया में बताए गए आंकड़े के बीच 11,100 रुपए का अंतर है।
एफआईआर में नोटों का विवरण इस तरह दिया गया है–
– 500 रुपये के 507 नोट: 2,53,500 रुपए
– 200 रुपये के 125 नोट: 25,000 रुपए
– 100 रुपये के 63 नोट: 6,300 रुपए
– 50 रुपये के 2 नोट: 100 रुपए
एफआईआर में दर्ज बरामद नकदी और एसएसपी के बयान में अंतर क्यों है? पुलिस के पास तो बरामदगी का आधिकारिक मेमो था, जिसमें नोटों की संख्या और मूल्यवर्ग तक दर्ज थे। फिर मीडिया को अलग आंकड़ा किस आधार पर दिया गया? यह गणना की गलती थी या मीडिया ब्रीफिंग से पहले बरामदगी के आंकड़े का मिलान ही नहीं किया गया या फिर जुबान फिसल गई, इस बारे में भी जिम्मेदार अफसर ही बता सकते हैं।
यह कोई सामान्य रकम का अंतर नहीं है। जब किसी लोकसेवक पर रिश्वत लेने का आरोप हो और बरामदगी को ही मामले का बड़ा आधार बनाया जा रहा हो, तब रकम का सही-सही हिसाब सबसे बुनियादी बात है। पुलिस को बताना चाहिए कि आधिकारिक बरामदगी 9,84,900 रुपये थी या मीडिया के सामने बताई गई 9,96,000 रुपये की रकम का कोई अलग आधार भी था।
बरामदगी के बाद सील की गई नकदी की तस्वीर

नोट गिने किसने, कैसे गिने और फॉरेंसिक जांच का सवाल क्या है?

एफआईआर में लिखा है कि वादी क्षेत्राधिकारी ने नोटों की बारी-बारी से गिनती की। बरामदगी के समय कांस्टेबल गौतम सिंह के मोबाइल फोन से वीडियोग्राफी कराए जाने और उससे भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 की धारा 63(4) के तहत प्रमाणपत्र लिए जाने का भी उल्लेख है। इसके बाद नोटों को पारदर्शी प्लास्टिक के डिब्बों में रखकर सीलबंद करने, नमूना मोहर तैयार करने और कमरे को भी सील करने की बात भी एफआईआर में दर्ज है।
लेकिन यहां नोटों की गिनती और फॉरेंसिक साक्ष्य का एक महत्वपूर्ण प्रश्न पैदा होता है। नोटों को हाथ से गिनने वाले व्यक्ति के फिंगरप्रिंट या अन्य ट्रेस साक्ष्य नोटों पर आ सकते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि नोटों को किस-किसने छुआ, गिनती से पहले और बाद में उन्हें किसने संभाला, क्या फिंगरप्रिंट की जांच कराई गई, क्या कोई फॉरेंसिक रिपोर्ट है और नोटों की सील खुलने से लेकर अदालत तक पहुंचने के बीच उनकी कस्टडी का पूरा रिकॉर्ड क्या है?
वीडियोग्राफी और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र अपने आप यह साबित नहीं करते कि नोट रामसेवक के थे, उन्होंने ही वहां रखे थे या वही रिश्वत की रकम थी। वीडियो से यह दिखाया जा सकता है कि तलाशी और बरामदगी के समय क्या हुआ। धारा 63(4) का प्रमाणपत्र इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की स्वीकार्यता से संबंधित है। वह अपने आप रकम के स्वामित्व या रिश्वत लेने के आरोप का प्रमाण नहीं बन जाता। इसी वजह से उस चेन को फॉरेंसिक प्रोटोकॉल से स्पष्ट करना जरूरी होता है। इस केस में इसलिए भी होना चाहिए, क्योंकि नोट देने वालों के भी फिंगर प्रिंट हो सकते हैं।
नोटों के सीरियल नंबर दर्ज किए गए थे, उनकी फॉरेंसिक जांच कराई गई और बरामदगी की प्रक्रिया में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका और स्पर्श की स्थिति का कोई रिकॉर्ड रखा गया था, पुलिस को इन सवालों के जवाब भी स्पष्ट करने होंगे। दिलचस्प यह है कि बाद में जमानत आदेश में अदालत ने केस डायरी के आधार पर नोटों के नंबर बरामदगी मेमो में दर्ज न होने की बात का उल्लेख किया है।
फरीदपुर थाने में कार्रवाई के दौरान तत्कालीन एसपी साउथ मानुष पारिक भी पहुंचे थे।

हवालात में मिला व्यक्ति और दो लोगों को छोड़ने का आरोप

एफआईआर की कहानी केवल नकदी की बरामदगी तक सीमित नहीं है। इसमें हवालात में एक व्यक्ति असनूर पुत्र मकसूद, निवासी नवदिया अशोक, थाना फरीदपुर, के मिलने का भी उल्लेख है। एफआईआर के मुताबिक, वह व्यक्ति हवालात में था, लेकिन उसका नाम हवालात के रिकॉर्ड में औपचारिक रूप से दर्ज नहीं था।
एफआईआर में असनूर के कथित बयान का उल्लेख है कि तीन लोगों को थाने लाया गया था। उनमें से दो को कथित रूप से रिश्वत देने के बाद छोड़ दिया गया, जबकि वह खुद पैसे का इंतजाम नहीं कर सका, इसलिए उसे नहीं छोड़ा गया। जिन्हें रिश्वत लेकर छोड़ देने की बात कही गई है, उनमें से एक का नाम आलम पुत्र मोहम्मद इस्लाम, निवासी नवदिया अशोक, फरीदपुर है, और दूसरा उसी गांव का नियाज अहमद पुत्र शेर मोहम्मद है।
एफआईआर के मुताबिक, क्षेत्राधिकारी ने कथित तौर पर सुपुर्दगी रजिस्टर की जांच की और उसमें आलम और नियाज को छोड़े जाने की कोई एंट्री नहीं मिली। इसके बाद रजिस्टर को कब्जे में लेने की बात भी दर्ज है।
यहां भी सवाल हैं। क्या आलम और नियाज को वास्तव में थाने लाया गया था? उन्हें किस आधार पर हिरासत में रखा गया था? उनकी गिरफ्तारी या हिरासत का रिकॉर्ड कहां था? असनूर हवालात में था तो उसकी एंट्री क्यों नहीं थी? जिन दो लोगों को छोड़ने के एवज में सात लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया, क्या उन्होंने कभी रिश्वत देने की पुष्टि की? ये सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि बाद में विशेष अदालत के जमानत आदेश में केस डायरी के आधार पर उल्लेख किया गया कि संबंधित व्यक्तियों और सुपुर्दगी में दिए जाने वाले व्यक्तियों के बयानों में रिश्वत देने से इनकार किया गया था।

कमरे को सील किया गया था, फिर सामान बाहर कैसे आया?

जमानत आवेदन में बचाव पक्ष ने बरामदगी की प्रक्रिया को लेकर एक और महत्वपूर्ण सवाल उठाया था। एफआईआर में कहा गया कि बरामदगी के बाद कमरे को ताला लगाकर सील कर दिया गया और चाबी हेड मोहर्रिर राम बहादुर को सौंप दी गई।
बचाव पक्ष ने जमानत प्रार्थनापत्र में जनरल डायरी की 22 अगस्त 2024 की शाम 7 बजकर 16 मिनट की एंट्री का हवाला देते हुए कहा कि उसी दिन सील किए गए कमरे से वीआईपी अटैची और सुपुर्दगी रजिस्टर लाकर हेड मोहर्रिर राम बहादुर को सौंपे जाने का उल्लेख है।
बचाव पक्ष की दलील थी कि जब कमरा सील कर दिया गया था, तो बाद में वहां से सामान बाहर कैसे आया? यदि सील खोलकर सामान निकाला गया तो उसका विधिवत रिकॉर्ड कहां है? किसने सील खोली, किसके आदेश पर खोली और दोबारा सील करने की प्रक्रिया क्या रही?
यह बचाव पक्ष की ओर से उठाया गया सवाल था। इसका अंतिम उत्तर संबंधित जीडी एंट्री, सीलिंग रिकॉर्ड, बरामदगी मेमो और गवाहों के बयान से ही मिलेगा। लेकिन यह ऐसा प्रक्रिया संबंधी प्रश्न है, जिसे जांच और अदालत में स्पष्ट किया जाना जरूरी है।
रिट याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट का आदेश

हाईकोर्ट ने एफआईआर रद नहीं की, लेकिन आरोप साबित भी नहीं किए

एफआईआर दर्ज होने के बाद रामसेवक ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट याचिका संख्या 15651/2024 दाखिल कर एफआईआर निरस्त करने की मांग की थी। जिस पर 17 सितंबर 2024 को न्यायमूर्ति सिद्धार्थ और न्यायमूर्ति सैयद कमर हसन रिजवी की पीठ ने याचिका पर सुनवाई की।
बचाव पक्ष की ओर से कहा गया कि एफआईआर से कोई अपराध नहीं बनता और अभियोजन दुर्भावना से किया गया है। यह दुर्भावना किसकी थी और क्यों थी, इस सवाल का जवाब रामसेवक और उनके अधिवक्ता दे सकते हैं।
हाईकोर्ट ने कहा कि याचिका में उठाए गए तर्क तथ्यात्मक विवादों और साक्ष्यों के मूल्यांकन से जुड़े हैं। इस स्तर पर अनुच्छेद 226 के तहत उनका निर्णय नहीं किया जा सकता। अदालत ने रिकॉर्ड देखने के बाद यह नहीं माना कि प्रथम दृष्टया कोई अपराध नहीं बनता। इसलिए एफआईआर रद करने की प्रार्थना स्वीकार नहीं की गई।
लेकिन इस आदेश का अर्थ यह नहीं है कि हाईकोर्ट ने रामसेवक को दोषी ठहरा दिया था या रिश्वत लेने का आरोप साबित कर दिया था। हाईकोर्ट ने यह निर्देश दिया था कि यदि याचिकाकर्ता आदेश की तारीख से 60 दिनों के भीतर निचली अदालत के सामने उपस्थित होकर जमानत या अग्रिम जमानत की अर्जी देता है, तो उस पर स्थापित कानूनी सिद्धांतों के अनुसार विचार किया जाए।
हाईकोर्ट का आदेश 17 सितंबर 2024 का है और उसमें 60 दिन के भीतर उपस्थित होने की बात कही गई। जबकि बाद के जमानत आदेश में दर्ज है कि रामसेवक ने 29 जनवरी 2025 को अदालत में आत्मसमर्पण किया। उपलब्ध दस्तावेज इस अंतर का कारण स्पष्ट नहीं करते। एफआईआर दर्ज होने के बाद 90 दिन में चार्जशीट लगना चाहिए थी, लेकिन पांच महीने बीतने के बाद सरेंडर के समय तक नहीं लगी।

जमानत आदेश में पुलिस की कहानी के महत्वपूर्ण सवाल

29 जनवरी 2025 को आत्मसमर्पण के बाद रामसेवक अंतरिम जमानत पर रहे। 17 फरवरी 2025 को बरेली की अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, कोर्ट नंबर-1 की अदालत ने नियमित जमानत मंजूर की।
जमानत आदेश में बचाव पक्ष की दलीलें और केस डायरी के आधार पर अदालत की टिप्पणियां दर्ज हैं। इस आदेश को ध्यान से पढ़ने पर कई ऐसे बिंदु सामने आते हैं, जो पूरे प्रकरण की जांच और बरामदगी की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
पहला- बरामदगी रामसेवक की अनुपस्थिति में हुई। अदालत ने केस डायरी के अवलोकन के आधार पर यह दर्ज किया कि बरामदगी अभियुक्त की अनुपस्थिति में की गई थी।
दूसरा- उनके व्यक्तिगत कब्जे से कोई रिश्वती रकम बरामद नहीं हुई। अदालत ने लिखा कि अभियुक्त के पास से कोई रिश्वती नोट बरामद नहीं किए गए।
तीसरा- बरामदगी वाले कमरे में ताला नहीं पाया गया। जबकि बचाव पक्ष ने कमरे को सील किए जाने और बाद में सामान बाहर लाए जाने की जीडी एंट्री के आधार पर सवाल उठाया था।
चौथा- नोटों के नंबर बरामदगी मेमो में दर्ज नहीं थे। यह भी जमानत आदेश में केस डायरी के आधार पर दर्ज है।
पांचवां- दालत ने केस डायरी के आधार पर उल्लेख किया कि संबंधित व्यक्तियों और सुपुर्दगी में दिए जाने वाले लोगों के बयानों में रिश्वती रकम देने से इनकार किया गया था।
छठा- रामसेवक ने कथित मादक पदार्थ तस्करों को स्वयं गिरफ्तार नहीं किया था। जमानत आदेश में केस डायरी के अवलोकन से यह बात भी दर्ज है।
सातवां- विवेचना अधूरी थी।अदालत ने उल्लेख किया कि अगस्त 2024 से विवेचना चल रही थी और जमानत आदेश की तारीख तक पूरी नहीं हुई थी।
ये सभी बातें जमानत आदेश में दर्ज हैं। इनका अर्थ यह नहीं कि अदालत ने मुकदमे को झूठा घोषित कर दिया या अभियुक्त को निर्दोष करार दिया। जमानत का फैसला अंतिम फैसला नहीं होता। लेकिन इन बिंदुओं का महत्व कम भी नहीं किया जा सकता। ये अभियोजन की कहानी, बरामदगी के आधार और विवेचना की गुणवत्ता से जुड़े प्रश्न हैं।

बचाव पक्ष ने सीसीटीवी, कॉल डिटेल और लोकेशन का भी उठाया था सवाल

जमानत प्रार्थनापत्र में बचाव पक्ष ने यह भी कहा था कि कथित घटना के समय रामसेवक फरीदपुर थाने में मौजूद नहीं थे। उनके मुताबिक, 22 अगस्त 2024 को दोपहर 3 बजकर 9 मिनट और 3 बजकर 14 मिनट पर लखीमपुर खीरी जिले के जंगबहादुरगंज स्थित मोहित मोबाइल रिपेयरिंग शॉप से उनकी पत्नी को फोन किए गए थे। बचाव पक्ष ने इन कॉल्स की सीडीआर और संबंधित दुकान के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित कराकर जांचने की मांग की थी। पुलिस थाने के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने और जांचने का आग्रह भी किया गया था।
यह बचाव पक्ष का दावा था, जिसे अंतिम रूप से सही या गलत मान लेना उचित नहीं होगा। लेकिन सवाल यह है कि क्या इन दावों की विवेचना में जांच हुई? क्या संबंधित सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित किए गए? क्या कॉल डिटेल रिकॉर्ड प्राप्त किए गए? क्या उनकी जांच रिपोर्ट केस डायरी में शामिल है? यदि इन साक्ष्यों से घटना के समय अभियुक्त की लोकेशन की पुष्टि हो सकती थी, तो उनकी जांच कितनी गंभीरता से की गई?
बचाव पक्ष ने यह भी कहा था कि एफआईआर में यह स्पष्ट नहीं है कि रामसेवक ने खुद उन दोनों कथित एनडीपीएस आरोपियों को गिरफ्तार किया था या उन्हें छोड़ने के बदले व्यक्तिगत रूप से रकम ली थी।
इसके अतिरिक्त बचाव पक्ष ने रामसेवक की स्वास्थ्य संबंधी स्थितियों का उल्लेख किया था। जमानत आदेश में मधुमेह, प्लेटलेट्स कम होने और हृदय संबंधी समस्या के दावे तथा पीजीआई लखनऊ में कार्डियोलॉजी विभाग में इलाज, एंजियोग्राफी और सर्जरी संबंधी सलाह का उल्लेख है।
अदालत ने केस डायरी के कागज संख्या 30 के आधार पर अस्पताल में भर्ती होने से संबंधित तथ्य भी देखा। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने और केस डायरी देखने के बाद नियमित जमानत मंजूर की। आदेश में यह भी दर्ज है कि विवेचना के दौरान रामसेवक की गिरफ्तारी नहीं हुई थी, उनके विरुद्ध कोई पूर्व आपराधिक इतिहास पुलिस रिपोर्ट में नहीं बताया गया था और अंतरिम जमानत के दौरान उन्होंने शर्तों का दुरुपयोग नहीं किया था। इसके बाद अदालत ने एक लाख रुपए के निजी मुचलके और समान धनराशि के दो जमानतदारों पर रिहाई का आदेश दिया।
दूसरी ओर, अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक ने जमानत का विरोध किया। अभियोजन का कहना था कि मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपियों को छोड़ने के बदले रिश्वत ली गई और करीब 9,84,900 रुपये बरामद हुए। वीडियोग्राफी और बरामदगी की गंभीरता का भी उल्लेख किया।
जमानत की शर्तें भी महत्वपूर्ण थीं। अभियुक्त को हर नियत तारीख पर अदालत में उपस्थित रहना, मुकदमे के शीघ्र निस्तारण में सहयोग करना, किसी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल नहीं होना, साक्ष्य और गवाहों को प्रभावित नहीं करना, उन्हें डराना या धमकाना नहीं था और विवेचक द्वारा बुलाए जाने पर जांच में सहयोग करना। शर्तों का पालन न होने पर अभियोजन को जमानत निरस्त कराने की अर्जी देने की स्वतंत्रता दी गई थी।

जमानत के कुछ अरसे बाद क्राइम ब्रांच में तैनाती

इस मामले में अगला घटनाक्रम प्रशासनिक है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, भ्रष्टाचार के इस मुकदमे के बाद रामसेवक को निलंबित किया गया था। नियमित जमानत मिलने के बाद उनकी बहाली हुई और जुलाई 2025 में उन्हें बरेली में ही क्राइम ब्रांच इन्वेस्टिगेशन विंग में तैनात किए जाने की खबरें प्रकाशित हुईं।
यहां सवाल यह नहीं है कि किसी आरोपी पुलिसकर्मी को जमानत मिलने के बाद सेवा में बहाल किया जा सकता है या नहीं। विभागीय कार्रवाई और आपराधिक मुकदमा अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। जमानत मिलने से सेवा में बहाली अपने आप नहीं होती और बहाली से आपराधिक आरोप समाप्त नहीं होते।
सवाल यह है कि जिस इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार का गंभीर मुकदमा चल रहा था, जिसकी बरामदगी और जांच को लेकर अदालत के जमानत आदेश में कई प्रश्न दर्ज थे, उसे क्राइम ब्रांच इन्वेस्टिगेशन विंग जैसी महत्वपूर्ण इकाई में तैनात करने का प्रशासनिक आधार क्या था?
क्या इस तैनाती से पहले मुकदमे की स्थिति की समीक्षा की गई थी? क्या विभागीय जांच पूरी हो चुकी थी? क्या किसी सक्षम अधिकारी ने यह आकलन किया था कि लंबित मुकदमे के बावजूद ऐसी तैनाती उचित है? क्या इस निर्णय में जमानत आदेश की उन शर्तों और टिप्पणियों पर विचार किया गया था, जिनमें साक्ष्य और गवाहों को प्रभावित न करने की बात कही गई थी?
क्राइम ब्रांच की तैनाती को किसी व्यक्ति की दोषमुक्ति या निर्दोषता का प्रमाण नहीं माना जा सकता। लेकिन पुलिस प्रशासन को यह बताना चाहिए कि इस निर्णय के पीछे क्या कारण थे। यह जवाबदेही का सवाल है। जब इंस्पेक्टर पर कार्रवाई हुई तो जोरशोर से बताया गया कि उसके कमरे से लाखों रुपए मिले, रिश्वत लेकर आरोपियाें को छोड़ने की सूचना मिली, दीवार फांदकर भाग गया, निलंबित कर दिया।
एक तरह से मीडिया ट्रायल हो गया, जिसका कारण खुद मीडिया कम थी, पुलिस ज्यादा थी। जब बहाली हुई और क्राइम ब्रांच में तैनाती मिली तो भी जिम्मेदार अफसरों को बताना चाहिए कि इस कदम के पीछे यह आधार है।
रामसेवक की क्राइम ब्रांच में तैनाती के तकरीबन नौ महीने बाद, अप्रैल 2026 में एसएसपी अनुराग आर्य ने 54 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले किए। मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि यह नियमित तबादला था और निर्धारित तैनाती अवधि पूरी होने के बाद अधिकारियों को दूसरे जिलों में भेजा गया। इसी क्रम में रामसेवक का बरेली क्राइम ब्रांच से बदायूं तबादला हुआ।
22 अगस्त 2024 से लेकर अब तक, एक ही कप्तान, एसएसपी अनुराग आर्य के कार्यकाल में शुरू हुआ यह पूरा घटनाक्रम अब अदालत में साक्ष्य के चरण में है।
अब देखना यह है कि अभियोजन अपने आरोपों को किस तरह साबित करता है और पुलिस प्रशासन बरामदगी, मीडिया ब्रीफिंग, जांच की प्रक्रिया और बाद की तैनाती से जुड़े सवालों का क्या जवाब देता है।

यह भी पढ़ें: बरेली पुलिस का Catch-22: कलेक्ट्रेट में ‘वसूली Vs रंगदारी’ केस में कौन पाक-साफ, किसका पर्दाफाश, 10 दिसंबर को हाईकोर्ट करेगा फैसला

यह भी पढ़ें: पांचों पत्रकारों की प्रोफाइल, जिन पर दिनदहाड़े बरेली कलेक्ट्रेट के अंदर रंगदारी मांगने और वसूलने की FIR दर्ज हुई

यह भी पढ़ें: Killing The Messenger: बरेली में 5 पत्रकारों पर FIR की पड़ताल: Read & Watch Facts

यह भी पढ़ें: बरेली कलेक्ट्रेट में रंगदारी: QR कोड से 5000 की शिकायत से 10000 में निपटारे और 5 पत्रकारों पर FIR की पूरी कहानी के असली सबूत क्या हैं?

यह भी पढ़ें: पब्लिक में कन्फ्यूजन: बरेली में किस पुलिस अधिकारी को कहें ‘सिंघम’


(आप हमें फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, ट्विटर पर फॉलो कर सकते हैं।)
Related Articles

Recent