Indus News TV Live

Wednesday, November 25, 2026
spot_img

DM के वादों की पोटली, हकीकत में कितनी खुली: SIR के बीच शिक्षक सर्वेश गंगवार की मौत का एक साल पूरा

बरेली: एक साल बाद भी वही घर है, वही दो जुड़वा बच्चे हैं, और वही अनसुलझे सवाल हैं। फर्क बस इतना है कि अब अखबारों की सुर्खियां ठंडी पड़ चुकी हैं, विरोध के स्वर धीमे हो गए हैं, राजनीतिक बयानबाजी शांत है और एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है, अब एसआईआर की जगह एसएसआर (स्पेशल समरी रिवीजन) हो रहा है, पहले वोट काटने का काम चल रहा था और अब उन्हीं वोटों को जोड़ने का अभियान चल रहा है, जनगणना भी चल रही है- लेकिन इस घर की चौखट पर समय वहीं ठहरा है और मुश्किलें और गहरी हो गई हैं।
यह कहानी भोजीपुरा ब्लॉक के शिक्षक सर्वेश गंगवार की है, जिन्होंने अपनी पत्नी के निधन से ठीक एक दिन पहले एसआईआर ड्यूटी से राहत की गुहार लगाई थी- और कुछ ही हफ्तों बाद खुद भी दुनिया छोड़ गए। उनके जाने के बाद प्रशासन ने परिवार के लिए वादों की झड़ी लगा दी।
डीएम अविनाश सिंह खुद घर पहुंचे, बच्चों के भविष्य से लेकर नौकरी और आर्थिक मदद तक के आश्वासन दिए गए। लेकिन एक साल बाद जब हमने जमीन पर उतरकर उन वादों की हकीकत खंगाली, तो हर मोड़ पर घोषणाओं और जमीनी सच्चाई के बीच एक गहरी खाई नजर आई।

ड्यूटी का दबाव और एक अनसुनी गुहार

वर्ष 2015 में 72,825 शिक्षक भर्ती के तहत नियुक्त हुए सर्वेश गंगवार की जिंदगी में सब कुछ सामान्य चल रहा था- 2016 में शादी हुई, 2018 में वे अपने परिवार के साथ नए मकान में रहने लगे और घर में दो जुड़वा बच्चों आयांश व अहाना की किलकारियां गूंजीं। लेकिन 20 अगस्त 2025 को उनकी पत्नी प्रभा गंगवार की स्तन कैंसर से मौत ने सब कुछ बदल दिया।
परिवार के मुताबिक, पत्नी की मृत्यु से ठीक एक दिन पहले 19 अगस्त 2025 को सर्वेश ने अपनी पत्नी की गंभीर बीमारी, इलाज, बच्चों की देखभाल और घर की परिस्थितियों का हवाला देते हुए एसआईआर ड्यूटी से मुक्त किए जाने के लिए आवेदन दिया था। डॉक्टर की टिप्पणी भी साथ थी। आवेदन तहसील तक पहुंचा, पर ड्यूटी से राहत नहीं मिली।
यह सवाल आज भी है कि तहसील में किसके पास पहुंचा, क्योंकि तहसील वालों ने घटना के बाद कह दिया कि हमारे पास तो ऐसी दरख्वास्त आई ही नहीं। बहरहाल, पत्नी के निधन के बाद सर्वेश को अंतिम संस्कार और पारिवारिक संस्कारों के लिए कुछ छुट्टी मिली। गहरे मानसिक और पारिवारिक आघात से गुजर रहे थे सर्वेश।

पांच साल के दो जुड़वा बच्चों की पूरी जिम्मेदारी अब अकेले उनके कंधों पर आ गई थी। पर शोक के वे दिन बहुत लंबे नहीं खिंचे- कुछ समय बाद उन्हें फिर एसआईआर ड्यूटी पर लौटना पड़ा। उस दौर में, मतदाता सूची और बूथ से संबंधित काम को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने और रिपोर्ट देने के लिए अधिकारियों की ओर से लगातार निर्देश दिए जा रहे थे।
यह दबाव सामान्य कर्मचारियों के लिए भी आसान नहीं था, लेकिन सर्वेश की स्थिति इससे कहीं ज्यादा कठिन थी। एक तरफ पत्नी को खोने का दर्द, दूसरी तरफ पांच साल के दो बच्चों की परवरिश और घर की अन्य समस्याएं। उनके भाई अमित बताते हैं, ‘भैया सुबह चार बजे तक जागते एसआईआर के काम से और फिर दस बजे ड्यूटी पकड़ने को दौड़ते’।
इसी तनाव के बीच 26 नवंबर 2025 को सर्वेश गंगवार की भी मौत हो गई। एक ही परिवार में कुछ महीनों के भीतर दो मौतों ने जिले को झकझोर दिया। इसके बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और शिक्षक संगठनों ने प्रदर्शन किए, ज्ञापन सौंपे और परिवार के लिए सहायता तथा एक करोड़ रुपए मुआवजे की मांग उठी।
उस वक्त प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में सक्रियता साफ दिख रही थी। माहौल गरमाया तो जिलाधिकारी अविनाश सिंह सर्वेश के घर पहुंचे। परिवार को सांत्वना दी गई और कई बड़े आश्वासन दिए। बच्चों की पढ़ाई बारहवीं तक निःशुल्क कराने का वादा किया, सर्वेश के छोटे भाई अमित गंगवार के लिए नौकरी (संविदा पर ही सही) की व्यवस्था करने की बात कही, आर्थिक सहायता देने का आश्वासन मिला, कर्मचारियों के एक दिन का वेतन सहायता के रूप में देने की बात भी सामने आई।
लेकिन किसी भी वादे की असली परीक्षा वक्त करता है। एक साल बाद जब हमने हर आश्वासन का उसी सोफे पर बैठक कर हिसाब लगाया, जहां जिलाधिकारी बैठे थे, तो तस्वीर बेहद उलझी और अधूरी मिली।

प्रशासनिक वादों में सिमटकर रह गया मासूमों का बचपन

10 लाख की एफडी,पर आज की जरूरतें अधूरी: मीडिया में आई खबरों के मुताबिक बरेली जनकल्याण कोष के जरिए फरवरी 2026 में आयांश और अहाना के नाम पांच-पांच लाख रुपए की 10 साल की एफडी कराई गई- लेकिन परिवार का कहना है कि शुरुआत में सहायता नहीं पहुंची तो उन्हें अधिकारियों को दोबारा याद दिलाना पड़ा।
एफडी के कागज परिवार के पास हैं, पर यह रकम बच्चों के बालिग होने पर मिलेगी, हिसाब लगाया तो 2036 में यह एफडी मैच्योर होगी और बच्चों को फिर दो साल इंतजार करना होगा और 2038 में इसके हकदार बच्चे बनेंगे। तब तक डीएम साहब भी रिटायरमेंट के बाद 8 साल गुजार चुके होंगे।
अभी छह साल के बच्चों की पढ़ाई, परवरिश और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए यह पैसा तत्काल उपलब्ध नहीं है। सवाल यह है कि जिसे फौरन सहारे की जरूरत थी, उसके लिए नियमित सहायता की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
‘बारहवीं तक मुफ्त पढ़ाई’ सिमटी एक साल पर: डीएम ने बच्चों की बारहवीं तक नि:शुल्क शिक्षा का वादा किया था। दोनों बच्चों का दाखिला पास के जीके सिटी मोंटेसरी स्कूल में है। परिवार ने फीस को लेकर प्रशासन को याद दिलाया, जिस पर डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी के पाले में गेंद डाल दी। नतीजा सिर्फ एक साल की फीस छूट तक सिमट गया। विद्यालय प्रबंधन से एक साल से ज्यादा राहत न मिलने की बात कहकर हाथ खड़े कर दिए।
बच्चों के आरटीई से दाखिले की भी कोशिश हुई, लेकिन आवेदन निरस्त हो गया। दोनों बच्चों की पढ़ाई अभी शुरुआती दौर में है और उनके सामने शिक्षा के कई साल बाकी हैं। परिवार के पास आगे की फीस के लिए कोई स्थायी इंतजाम नहीं है। क्या प्रशासन ने अपने इस वादे की समीक्षा की? क्या स्कूल या शिक्षा विभाग के साथ कोई स्थायी व्यवस्था बनाई गई? ये सवाल अब भी अनुत्तरित हैं।
पेंशन फाइलों में अटकी: एक साल बाद भी मृतक आश्रित पेंशन शुरू नहीं हो सकी है। नई पेंशन योजना से जुड़ी धनराशि और अन्य औपचारिकताओं के बीच परिवार लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन नियमित सहारा न मिलना आर्थिक मुश्किलें बढ़ा रहा है। कम से कम यह काम तो सरकारी विभाग के स्तर का था, जिसमें किसी और को पैसे भी नहीं देने थे, सर्वेश गंगवार का ही पैसा है। सर्वेश के बड़े भाई ने बताया कि प्रक्रिया बड़ी मुश्किल से लेखा तक पहुंची है, अागे की व्यवस्था का इंतजार है। पेंशन से कुछ तो राहत मिलेगी।
रोजगार का वादा अधूरा: छोटे भाई अमित गंगवार को नौकरी (संविदा पर ही सही) दिलाने की बात कही गई थी, लेकिन वह अब भी रोजगार की तलाश में हैं। उन्होंने बताया कि डीएम से दोबारा भी मिले, लेकिन उनका रुख वैसा नहीं था, जैसे घर पर आए थे तब था। कोई बात अब इस पर नहीं है। प्राइवेट स्कूल में पढ़ाकर जिम्मेदारियां पूरी करने की कोशिश कर रहा हूं।
वेतन सहायता की अधूरी जानकारी: कर्मचारियों के एक दिन का वेतन सहायता के रूप में देने की बात भी सामने आई थी, लेकिन परिवार के अनुसार इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं मिल सकी।

‘बरेली जन कल्याण समिति’ के खाते पर उठते सवाल

इस पड़ताल में सबसे संवेदनशील मोड़ तब आया जब हमने उस ‘बरेली जनकल्याण कोष’ की तह तक जाने की कोशिश की, जिसके जरिए बच्चों के नाम एफडी कराई गई। पड़ताल के दौरान ‘बरेली जनकल्याण समिति’ और उसके खाते से जुड़े कई सवाल सामने आए।
पुराने समाचार पत्रों की खबरों और कतरनों में इस समिति का जिक्र मिलता है। समिति के खाते से जुड़ी जानकारी में तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री का नाम भी सामने आया, जो उस समय बरेली में तैनात थे।
जब हमने अलंकार अग्निहोत्री से बात की और पूछा कि सर्वेश गंगवार के बच्चों के नाम पांच-पांच लाख रुपए की एफडी किस धनराशि से कराई गई तथा समिति के खाते का संचालन किसके जिम्मे था, तो उन्होंने कहा कि खाते में उनका नाम या नंबर हो सकता है, लेकिन खाते का संचालन वे नहीं करते थे। उनके मुताबिक, धनराशि कब आई, कहां से आई और कहां खर्च हुई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है, क्योंकि उस समय उनकी जिम्मेदारी दूसरे क्षेत्र से संबंधित थी।
दूसरी ओर, पुराने समाचार पत्रों में भोजीपुरा क्षेत्र और एसआईआर से जुड़े पर्यवेक्षकों की बैठकों तथा संबंधित गतिविधियों का उल्लेख भी मिलता है। ऐसे में सवाल गंभीर हो जाता है कि बच्चों के नाम जमा की गई दस लाख रुपए की राशि आखिर किस स्रोत से आई, किस प्रक्रिया के तहत जमा हुई और समिति के खाते की जिम्मेदारी किसके पास थी?
यह सवाल महज कागजी औपचारिकता नहीं है, क्योंकि इसी समिति और उसके खाते को लेकर अब अलग विवाद भी सामने आ चुका है। जब एक दिवंगत शिक्षक के बच्चों की सहायता का सूत्र इसी व्यवस्था से जुड़ता है, तो इसके कामकाज और वित्तीय प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सीधा सवाल खड़ा होता है।

21 लाख का कर्ज और छोटे चाचा के कंधों पर घर

प्रशासनिक वादों से अलग घर की असली बोझिल तस्वीर मकान के कर्ज की है। परिवार के मुताबिक, मकान पर करीब 26 लाख रुपए का ऋण था, जिसमें लगभग 21 लाख रुपए अभी बाकी हैं और मासिक किस्त 23,150 रुपए है।
सर्वेश के निधन के बाद यह किस्त बड़े भाई मुकेश गंगवार अपनी तनख्वाह से भर रहे हैं। मुकेश स्वयं शिक्षक हैं, लेकिन खुद के मकान की किस्त भी चुका रहे हैं, उनकी पत्नी भी कैंसर से पीड़ित हैं जिनका इलाज चल रहा है, और उनके दो बच्चे पढ़ाई के लिए बाहर रहते हैं। इतनी मुश्किलों के बीच कर्ज में राहत या माफी के लिए डीएम, विधायक और मुख्यमंत्री तक गुहार लगाई गई, पर अब तक कोई राहत नहीं मिली।
उसी मकान में, जहां सर्वेश कभी अपने परिवार के साथ रहते थे, अब दोनों बच्चों की देखभाल उनके छोटे भाई अमित गंगवार कर रहे हैं। अमित अविवाहित हैं, ‘नेट’ (NET) उत्तीर्ण हैं और पीएचडी कर रहे हैं।
बच्चों के अभिभावक की जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्हें न्यायालय से आदेश भी मिला है। वे बच्चों को स्कूल भेजते हैं, उनके खाने-पीने, कपड़े और रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान रखते हैं। वे खुद रोजगार की तलाश में हैं, लेकिन फिलहाल उनका अधिकांश समय बच्चों की देखभाल में ही गुजर रहा है।
भले ही आज अमित बच्चों के लिए सबसे बड़ा सहारा हों, लेकिन आगे चलकर उनकी अपनी नौकरी, जीवन और पारिवारिक जिम्मेदारियां भी होंगी। बच्चों की पूरी जिम्मेदारी लंबे समय तक केवल उनके भरोसे छोड़ना आसान नहीं है।
इस पूरे घटनाक्रम में परिवार को अगर किसी ठोस और संवेदनशील मदद का अनुभव हुआ, तो वह शिक्षकों की ओर से मिली। कर्मचारियों के एक दिन का वेतन जमा कराकर सहायता करने की घोषणा हुई थी, जिसकी पूरी जानकारी परिवार को नहीं मिल सकी। लेकिन भोजीपुरा के खंड शिक्षा अधिकारी विवेक शर्मा ने ब्लॉक के शिक्षकों से सहायता की अपील की, जिस पर शिक्षकों ने करीब दो से ढाई लाख रुपए की मदद की।
परिवार इस सहयोग के लिए शिक्षकों और खंड शिक्षा अधिकारी विवेक शर्मा की सराहना करता है, लेकिन इसके अलावा किसी अन्य स्तर से नियमित या अतिरिक्त सहायता नहीं मिल पाई। जबकि घर पर सांसद छत्रपाल गंगवार से लेकर कई नेता पहुंचे थे।

चमकते आयोजन और सवाल

एक तरफ जिले में सेवा संकल्प सप्ताह, दीया-रोशनी और सजावट जैसे आयोजनों पर सक्रियता और खर्च दिखता है; दूसरी तरफ दो बच्चों की बारहवीं तक मुफ्त पढ़ाई, लंबित पेंशन, 21 लाख के कर्ज और रोजगार के सवाल खड़े हैं।
यह आयोजन के विरोध का नहीं, प्राथमिकताओं और घोषित जिम्मेदारियों के हिसाब का मामला है। जब हम सर्वेश गंगवार के घर पहुंचे और बच्चों से मिले, तो छोटे चाचा अमित बच्चों को संभालते दिखे- हमें यह गहराई से एहसास हुआ कि यह परिवार की मजबूरी से बनी व्यवस्था है, घोषित सहायता का विकल्प नहीं।

डीएम अविनाश सिंह से सीधे सवाल

किए गए वादों की एक साल बाद समीक्षा क्यों नहीं हुई? बारहवीं तक मुफ्त पढ़ाई का आश्वासन केवल एक साल की फीस छूट तक कैसे सिमट गया? मृतक आश्रित पेंशन अब तक क्यों लंबित है? मकान के कर्ज में राहत की गुहार पर क्या कार्रवाई हुई? छोटे भाई अमित के रोजगार के वादे का क्या हुआ? एसआईआर ड्यूटी में दबाव नहीं होने के दावे और परिवार के आरोपों की क्या निष्पक्ष समीक्षा हुई, या उस आवेदन व परिस्थितियों को दोबारा देखा गया?
जब डीएम खुद घर पहुंचे और वादे किए, तो उनका हिसाब रखने की जिम्मेदारी भी प्रशासन की थी। यदि मदद संभव नहीं थी तो घोषणा क्यों की गई, और घोषणा की गई तो एक साल बाद परिवार को फिर दर-दर गुहार क्यों लगानी पड़ रही है? एसआईआर आगे बढ़ चुका है, विवाद पीछे छूटता दिख रहा है- पर घर के भीतर यह सवाल आज भी जिंदा है कि क्या प्रशासन की संवेदनशीलता केवल घटना के समय तक थी, या उन वादों को पूरा करने की जिम्मेदारी भी कोई निभाएगा?
Report By- Ashish Anand, Editor, Indus News TV

यह भी पढ़ें: बरेली पुलिस का Catch-22: कलेक्ट्रेट में ‘वसूली Vs रंगदारी’ केस में कौन पाक-साफ, किसका पर्दाफाश, 10 दिसंबर को हाईकोर्ट करेगा फैसला

यह भी पढ़ें: पांचों पत्रकारों की प्रोफाइल, जिन पर दिनदहाड़े बरेली कलेक्ट्रेट के अंदर रंगदारी मांगने और वसूलने की FIR दर्ज हुई

यह भी पढ़ें: Killing The Messenger: बरेली में 5 पत्रकारों पर FIR की पड़ताल: Read & Watch Facts

यह भी पढ़ें: बरेली कलेक्ट्रेट में रंगदारी: QR कोड से 5000 की शिकायत से 10000 में निपटारे और 5 पत्रकारों पर FIR की पूरी कहानी के असली सबूत क्या हैं?

यह भी पढ़ें: पब्लिक में कन्फ्यूजन: बरेली में किस पुलिस अधिकारी को कहें ‘सिंघम’

यह भी पढ़ें: SSP अनुराग आर्य के दौर में बरेली पुलिस की यह कहानी दिलचस्प है


(आप हमें फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, ट्विटर पर फॉलो कर सकते हैं।)
Related Articles

Recent