बरेली, 2 अगस्त 2026। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए समाजवादी पार्टी द्वारा नियुक्त बरेली मंडल प्रभारी शिव प्रताप सिंह यादव का उनके बरेली स्थित आवास पर नवाबगंज क्षेत्र के कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें भरोसा दिलाया कि नवाबगंज क्षेत्र से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी को अधिकतम समर्थन दिलाकर जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा।
गौरतलब है कि आगामी चार माह में होने वाले शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने दानिश अख्तर को बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पिछले सप्ताह ही पार्टी नेतृत्व ने शिव प्रताप सिंह यादव को बरेली मंडल का प्रभारी नियुक्त किया था। उनकी नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और विभिन्न क्षेत्रों से लोग उनसे मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में शिव प्रताप सिंह यादव ने दावा किया कि इस बार शिक्षक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि उनका प्रमुख लक्ष्य अधिक से अधिक शिक्षकों के वोट बनवाना और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों में सरकार के प्रति नाराजगी है और पुरानी पेंशन बहाली जैसे मुद्दों पर बड़ी संख्या में शिक्षक समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों से ऐसे कार्य कराए जा रहे हैं जो उनके मूल दायित्व का हिस्सा नहीं हैं, जिससे शिक्षकों में असंतोष बढ़ा है। उनका कहना था कि यही मुद्दे आगामी शिक्षक एमएलसी चुनाव में निर्णायक साबित होंगे।
स्वागत करने वालों में पूर्व प्रधान सूरज पटेल, शिक्षक नरेश कश्यप, मुनेंद्र यादव, पेन सिंह यादव, सर्वेश यादव, ओमपाल यादव तथा समाजवादी युवजन सभा के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता श्रीपाल यादव सहित नवाबगंज क्षेत्र के कई कार्यकर्ता और शिक्षक मौजूद रहे।