न कोई आपराधिक इतिहास, न किसी जुर्म का ठोस सबूत। बस स्थानीय पुलिस या प्रशासन की नाराज़गी भारी पड़ी और ‘सबक सिखाने’ के लिए नाम ‘गैंग चार्ट’ में चढ़ा दिया गया। गैंगस्टर एक्ट की एक एफआईआर- और देखते ही देखते समाज में इज़्ज़त मिट्टी में मिल गई, बना-बनाया करियर तबाह।
उत्तर प्रदेश में कानून के इसी मनमाने इस्तेमाल के खिलाफ अब अदालतों का सब्र जवाब देने लगा है। आगामी 15 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह) को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के सामने व्यक्तिगत हलफनामा देकर एक बेहद असहज सवाल का जवाब देना है। सवाल यह कि जब देश की सबसे बड़ी अदालत ने ‘यूपी गैंगस्टर एक्ट’ की बुनियाद को ही ‘निष्क्रिय’ करार दे दिया है, तो फिर सूबे के थानों में इस कानून के तहत धड़ल्ले से एफआईआर क्यों दर्ज हो रही हैं?
एक याचिका, जिसने सरकार को कटघरे में खड़ा किया
इस ताज़ा सख्ती की वजह 21 नवंबर को लखनऊ पीठ में पहुंची एक याचिका बनी। याचिकाकर्ता ने अपने खिलाफ दर्ज गैंगस्टर एक्ट की एफआईआर को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट के तीन महीने पुराने उस फैसले का हवाला दिया, जिसने इस कानून की वैधता पर ही गंभीर सवाल उठा दिए थे।
हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए न सिर्फ उस एफआईआर और आगे की कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगाई, बल्कि सीधे शासन के शीर्ष गृह अधिकारी से व्यक्तिगत हलफनामा तलब कर लिया।
अदालत ने सरकार से तीन सीधे सवाल पूछे हैं- सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी ये मुकदमे क्यों लिखे जा रहे हैं? नियम तोड़ने वाले अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई प्रस्तावित है? और भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं? अगली सुनवाई पर सरकार को इन्हीं सवालों का बिंदुवार जवाब देना होगा।
सुप्रीम कोर्ट की वह टिप्पणी, जिसने कानून की नींव हिला दी
अदालतों की यह नाराज़गी बेवजह नहीं है। इसी साल 20 अगस्त को ‘शिव प्रताप सिंह उर्फ चिनू बनाम उत्तर प्रदेश राज्य’ मामले में फैसला सुनाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने यूपी गैंगस्टर एक्ट की बनावट पर ही तीखी टिप्पणी की थी।
सुप्रीम कोर्ट ने बेहद सख्त शब्दों में इस कानून को ‘Stillborn’ (यानी जन्म से ही निष्क्रिय या मृतजन्मा) करार दिया था। अदालत का तर्क साफ था—इस कानून में ‘गैंग’ और ‘गैंगस्टर’ की परिभाषा तो गढ़ दी गई है, लेकिन किसी गैंग का हिस्सा होने के नाम पर कोई स्वतंत्र अपराध स्पष्ट रूप से परिभाषित ही नहीं किया गया है।
अदालत ने संबंधित मामलों में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई रद्द करते हुए यह भी स्पष्ट किया था कि इससे आरोपी के मूल अपराधों की जांच या मुकदमे खत्म नहीं होते; वे सामान्य आपराधिक कानून के तहत चलते रहेंगे। लेकिन पुलिस के लिए सबसे बड़े हथियार माने जाने वाले इस एक्ट की बुनियाद पर बड़ा सवालिया निशान लग चुका था।
‘कॉपी-पेस्ट’ संतुष्टि पर हाईकोर्ट के 12 ब्रेक
अफसरों की मनमानी और बिना सोचे-समझे गैंग चार्ट को मंजूरी देने की प्रवृत्ति पर लगाम लगाने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 19 नवंबर को एक अन्य मामले में 12 सख्त निर्देश जारी किए थे। अदालत ने पाया था कि अधिकारी बिना अपना स्वतंत्र दिमाग लगाए, एक जैसी ‘कॉपी-पेस्ट’ टिप्पणियां लिखकर गैंग चार्ट पास कर देते हैं।
हाईकोर्ट के निर्देशों का सार बिल्कुल साफ
सिर्फ पुरानी लिस्ट नहीं चलेगी- किसी व्यक्ति पर गैंगस्टर एक्ट लगाने के लिए सिर्फ उसके पुराने मुकदमों की सूची तैयार कर देना पर्याप्त नहीं है।
हर आरोपी पर अलग राय- गैंग चार्ट को आगे बढ़ाने और मंजूर करने वाले हर अधिकारी को प्रत्येक आरोपी के मामले में अपनी स्वतंत्र संतुष्टि और ठोस कारण दर्ज करने होंगे।
सबूत और देरी का हिसाब- चार्ट में स्पष्ट होना चाहिए कि किस धारा में आरोप लगा है और उसके समर्थन में क्या सबूत हैं। साथ ही, सामान्य कानून के तहत मुकदमा चलते हुए गैंगस्टर लगाने की ज़रूरत क्यों पड़ी और इसमें देरी क्यों हुई, इसका रिकॉर्ड भी जरूरी है।
बैठक की फाइल अनिवार्य- अधिकारियों की बैठक में किन तथ्यों पर चर्चा हुई, उसका पूरा ब्योरा रखना होगा। एफआईआर को चुनौती मिलने पर सरकार को मूल गैंग चार्ट और बैठक के सारे दस्तावेज कोर्ट में पेश करने होंगे।
सरकारी कर्मियों पर खास नियम- किसी सरकारी कर्मचारी के खिलाफ यह एक्ट लगाने की स्थिति में विशेष कारण बताना अनिवार्य होगा।
कानूनी जानकारों के मुताबिक, पुलिस और प्रशासन जिस ‘ग्रे एरिया’ का सहारा ले रहे हैं, वह यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने अगस्त में इस कानून को ‘निष्क्रिय’ जरूर कहा था, लेकिन इसकी संवैधानिक वैधता पर अंतिम फैसला नहीं दिया था। खुद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी 19 नवंबर को माना था कि यह कानून अभी औपचारिक रूप से निरस्त नहीं हुआ है।
लेकिन कानून का अस्तित्व में होना किसी की छवि या करियर तबाह करने का लाइसेंस नहीं हो सकता। अदालतें अब हर गैंग चार्ट और अफसरों के हर दस्तखत को बारीकी से परख रही हैं।
बड़ा सवाल यही है कि क्या थानों और कलेक्ट्रेट में बैठे अधिकारी अदालतों के इन कड़े संदेशों को समझकर अपनी कार्यशैली बदलेंगे? अब सबकी निगाहें 15 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां सरकार के जवाब से तय होगा कि यूपी में गैंगस्टर एक्ट के बेजा इस्तेमाल पर लगाम कैसे लगेगी।