बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य ने फरीदपुर थाने के वार्षिक निरीक्षण के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने वाले दो दरोगाओं, सुरेश पाटिल और परविंदर पवार को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। वहीं अच्छे कार्यों के लिए ईमानदार पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर एसएसपी ने संदेश दिया कि कर्तव्यनिष्ठा को हमेशा सराहा जाएगा।
एसएसपी बुधवार को फरीदपुर थाने के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। यहां उन्होंने पेंडिंग केस, चार्जशीट, और थाने के कामकाज का गहन विश्लेषण किया। निरीक्षण के दौरान दरोगा सुरेश पाटिल और परविंदर पवार की लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने तत्काल निलंबन का आदेश दिया।
इस कार्रवाई से पहले बरेली में ही दरोगा इशरत अली खान को जबरन रिटायर किया गया था। अब फरीदपुर थाने के दो दरोगाओं के निलंबन के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। यह कार्रवाई विभाग में अनुशासन और जवाबदेही की सख्त नीति का संकेत है।
एसएसपी ने थाने के चौकीदार राजू की ईमानदारी और निष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें 500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया और 26 जनवरी को विशेष सम्मान देने का निर्देश दिया।
फ़रीदपुर थाने में एसएसपी ने केवल सख्त कदम ही नहीं उठाए, बल्कि उन पुलिसकर्मियों का हौसला भी बढ़ाया जो अपने काम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। सीनियर सब इंस्पेक्टर सतेंद्र सिंह, दरोगा कामिल, कांस्टेबल मेघ श्याम, महिला कांस्टेबल रॉबिन और मोनिका समेत कई पुलिसकर्मियों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा के लिए पुरस्कृत किया गया।
एसएसपी अनुराग आर्य की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है, कि बरेली पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता को पहचानकर सम्मानित किया जाएगा।


