बरेली में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, बाला जी अस्पताल पर गंभीर आरोप, डीएम से शिकायत
बरेली। बरेली में इलाज के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के बेटे रोहित कुमार ने बालाजी हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, बाईपास रोड, बरेली पर इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
रोहित कुमार के मुताबिक उनकी मां श्यामा देवी को 10 अगस्त 2026 को बालाजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शिकायत के अनुसार, 11 अगस्त को आयुष्मान कार्ड के जरिए उनकी मां का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के करीब सात घंटे बाद भी उन्हें होश नहीं आया। इसके बाद उन्हें दूसरे अस्पताल भोले नाथ ग्लोबल हॉस्पिटल ले जाया गया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दूसरे अस्पताल में मरीज के परिवार से जबरन हस्ताक्षर कराकर रेफर किया गया। रोहित का कहना है कि ऑपरेशन से पहले उनकी मां की हालत अलग थी, जबकि दूसरे अस्पताल ले जाने के बाद जांच में स्थिति काफी गंभीर बताई गई। शिकायत के मुताबिक 12 अगस्त 2026 को उनकी मां की मौत हो गई।
रोहित कुमार का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने बालाजी हॉस्पिटल से अपनी मां के इलाज से संबंधित दस्तावेज मांगे तो अस्पताल के डॉक्टर के सहयोगी द्वारा उन्हें डराया-धमकाया गया और उनसे 60 हजार रुपये की मांग की गई।
इंडस न्यूज़ टीवी से बातचीत में रोहित कुमार बेहद भावुक नजर आए। रोते हुए उन्होंने बताया कि उनके पिता पिछले करीब 10 वर्षों से पैरालिसिस से पीड़ित हैं और उनकी मां ही इतने वर्षों से उनकी देखभाल करती थीं। रोहित ने कहा कि अब उनकी मां की मौत के बाद परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण उनकी मां की जान गई और वह इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं।
रोहित कुमार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।